डीग में 23 अक्टूबर से होगा श्रीकृष्ण लीला और भक्त चरितामृत का मंचन


लक्ष्मण मंदिर चौक पर 29 अक्टूबर तक चलेगा भव्य आयोजन, मटकी फोड़ माखन चोर और महारास लीला रहेंगी मुख्य आकर्षण

डीग। जल महलों की नगरी डीग में पहली बार शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर चौक पर श्रीकृष्ण लीला एवं भक्त चरितामृत का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री बृज लठावन धाम स्थानीय रामलीला महोत्सव समिति, डीग के तत्वावधान में यह धार्मिक आयोजन 23 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। मंगलवार को शहरवासियों ने कृष्णलीला के पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि कृष्णलीला सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपराओं की जीवंत पहचान है। आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।

वृंदावन के कलाकार करेंगे कृष्णलीला का मंचन

समिति के संयोजक इन्द्रमोहन शर्मा ‘लाला’ ने बताया कि कृष्णलीला का मंचन रासाचार्य पद्मश्री से सम्मानित स्वामी रामस्वरूप शर्मा के सुपुत्र स्वामी हरिबल्लभ शर्मा ‘छोटे ठाकुर जी’ और श्री श्यामा-श्याम लीला संस्थान, वृंदावन की ओर से किया जाएगा।

लीला मंचन में भगवान श्रीकृष्ण की ब्रजभूमि में संपन्न विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण और जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्ति और ब्रज की सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

कृष्ण जन्म से कंस वध तक की लीलाओं का मंचन

समिति अध्यक्ष बबली शर्मा ने बताया कि सात दिवसीय आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इनमें कृष्ण जन्म, जन्मोत्सव एवं बधाई, पूतना वध, माखन चोरी लीला, श्याम सगाई, मीरा बाई चरित्र, नरसी का भात, नानी बाई रो मायरो, कंस वध और रुक्मिणी-कृष्ण मंगल लीला शामिल हैं।

मटकी फोड़ और महारास लीला रहेंगी आकर्षण

कृष्णलीला महोत्सव में मटकी फोड़ माखन चोर लीला और महारास लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और ब्रज की रास परंपरा को मंच पर साकार किया जाएगा।

लक्ष्मण मंदिर चौक पर होने वाले इस आयोजन में शहरवासियों और श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

पोस्टर विमोचन के दौरान शहरवासी रहे मौजूद

कृष्णलीला महोत्सव के पोस्टर विमोचन के अवसर पर गोपाल बीड़ी वाले, संजय पीतलिया, गुलजारी सेठी, दाऊ दयाल नसवारिया, जगदीश टकसालिया, केदार सौखिया, नानक पंडित, विष्णु मित्तल, छैल बिहारी राठौर, राकेश गोयल, पंकज पाराशर, पंकज सौखिया, लोकी शर्मा, खगेन्द्र शर्मा, मनोज बीड़ी वाले, मोहित पाराशर, रवि बौहरे और काव्य पाराशर ‘तन्नू’ सहित अनेक शहरवासी मौजूद रहे।

समिति की ओर से श्रद्धालुओं और शहरवासियों से श्रीकृष्ण लीला एवं भक्त चरितामृत के आयोजन में शामिल होकर धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की गई।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *