जयपुर 11 नवम्बर। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी नागौर इकाई द्वारा कार्यवाही करते हुये रामस्वरूप, सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना मेड़तासिटी, जिला नागौर को 20 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी नागौर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के विरूद्ध पुलिस थाना मेड़ता सिटी में दर्ज प्रकरण में परिवादी की मदद करने व अन्य परिवार जनों को गिरफ्तार नहीं करने की एवज में 50 हजार रूपये की रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर सत्यापन के दौरान 50 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर जल्द से जल्द रिश्वत राशि देने हेतु दबाव बनाना पाया गया साथ ही 1 नवम्बर को परिवादी के भाई को थाने बुलाकर डरा धमकाकर 30 हजार रूपये रिश्वत राशि प्राप्त कर 20 हजार रूपये रिश्वत पूर्व में तयशुदा अनुसार देने बाबत् परिवादी के परिचितों के साथ बार बार सुचना भिजवाकर रिश्वत राशि देने हेतु दबाव बनाया गया।
जिस पर महावीर सिंह राणावत, पुलिस अधीक्षक, एसीबी, रेंज अजमेर के सुपरवीजन में ए.सी.बी. चौकी नागौर से श्रीमती कल्पना सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, के नेतृत्व में मय ट्रेप दल के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी रामस्वरूप, सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना मेड़तासिटी, जिला नागौर को परिवादी से 20 हजार रूपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।