सवाई माधोपुर 11 नवम्बर। देशभर के मुख्य सचिवों के तृतीय राष्ट्रीय सम्मेलन में ‘‘ साइबर सुरक्षा-उभरती चुनौतियां’’ विषय पर निर्णय लिया गया था कि आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए डिजिटल साक्षरता का प्रसार-प्रसार जमीनी स्तर पर किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि इस सम्बंध में एडवाजरी जारी की गई है। इसमें पासवर्ड सुरक्षा के सम्बंध में महत्वपूर्ण सलाह दी गई है। एडवाइजरी के अनुसार पासवर्ड डिजिटल जीवन की चाबी है। यह ईमेल, बैंक खातों, सोशल मीडिया और कार्य से जुड़े डाटा की सुरक्षा करता है। यदि कोई आपका पासवर्ड चुरा लेता है तो वह आपकी पहचान, धन या गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग कर सकता है। लंबा पासवर्ड रखें, कम से कम 12 से 16 अक्षरों का पासवर्ड बनाए। इसमें केपिटल और स्माल अक्षर, अंक और प्रतीक मिलाएं आसान अनुमान लगाने योग्य शब्दों से बचें। अपना नाम, जन्मदिन, मोबाइल नंबर या पासवर्ड में 123 जैसे सामान्य व अनुमान लगाने लायक अंक का प्रयोग न करें।
सलाह के अनुसार हर खाते के लिए अलग पासवर्ड रखें, एक ही पासवर्ड कई जगह इस्तेमाल न करें। सुरक्षित रूप से पासवर्ड सहेजने और प्रबंधित करने के लिए पासवर्ड मैनेजर टूल्स का इस्तेमाल करें। नियमित रूप से पासवर्ड बदलें, समय-समय पर अपने पासवर्ड अपडेट करते रहें। लिखने पर सावधानी रखें यदि पासवर्ड कहीं लिखा हो, तो उसे सुरक्षित स्थान पर रखें, कंप्यूटर या कार्यस्थल के पास नहीं। कभी भी पासवर्ड साझा न करें। अपना पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, चाहे वह सहकर्मी हो या तकनीकी सहायता कर्मचारी।
उन्होने बताया कि यदि आप साइबर अपराध के शिकार हैं, तो 1930 पर कॉल करें और अपनी शिकायत सायबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज करें। फिशिंग तब होता है जब कोई विश्वसनीय व्यक्ति या कंपनी बनकर आपका विश्वास जीतकर आपकी व्यक्तिगत जानकारी (पासवर्ड, बैंक विवरण, या ओटीपी) हासिल करने की कोशिश करता है। वे आमतौर पर यह ईमेल, फ़ोन कॉल या ऐसे नकली वेबसाइट्स के ज़रिये करते हैं जो पहली नज़र में असली लगते हैं। वे नकली ईमेल, संदेश, या कॉल भेजते हैं जो असली कंपनियों या लोगों की तरह दिखते हैं जिन पर आप भरोसा करते हैं। वे ऐसे लिंक भेजते हैं जो आपको नकली वेबसाइट पर ले जाते हैं, जहाँ आपकी जानकारी चुराई जाती है।
वे आपको डराकर या जल्दी कार्यवाही के लिए दबाव डालकर जैसे आपका अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाएगा या आपको तुरंत कार्यवाही करनी है, गलती कराने की कोशिश करते हैं। वे ऐसे अटैचमेंट भेजते हैं जो खोलने पर आपके कंप्यूटर या फोन को नुकसान पहुँचा सकते हैं। अज्ञात लोगों से आए लिंक पर क्लिक न करें या अटैचमेंट न खोलें। कॉल, ईमेल या संदेश पर कभी भी पासवर्ड, ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करें। किसी साइट पर जाने के लिए उसका पता खुद टाइप करें किसी भी अनजान लिंक पर भरोसा न करें।
मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और 2-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें। अपने फोन और कंप्यूटर को अपडेट रखें। किसी भी संदिग्ध संदेश या ईमेल की सूचना अपनी आईटी या सिक्योरिटी टीम को दें।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।