मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने विद्यालय व्यवस्थाओं की समीक्षा कर शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश।
प्रयागराज | अटल आवासीय विद्यालय बेलहट में शिक्षा गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार को गांधी सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने की। बैठक में अटल आवासीय विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव की शैक्षिक गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शत-प्रतिशत रिजल्ट पर विद्यालय को मिली सराहना
बैठक में उप निदेशक श्रम एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जानकारी दी गई कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अटल आवासीय विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसके चलते प्रदेश के सभी अटल आवासीय विद्यालयों में ग्राम बेलहट स्थित विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने प्रधानाचार्य, अध्यापकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर परिणाम प्राप्त करता रहे और प्रदेश में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखे।
बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान
शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में अटल आवासीय विद्यालय बेलहट के कक्षा-10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी हर्षित (96.6 प्रतिशत) तथा बालिकाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मोनिका (92.2 प्रतिशत) को मण्डलायुक्त द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मण्डलायुक्त ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ब्रिज कोर्स और कोचिंग पर जोर
मण्डलायुक्त ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए एक महीने का कोचिंग आधारित ब्रिज कोर्स संचालित कराने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए उन्हें निःशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, पब्लिक स्पीकिंग, डिबेट और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और स्वच्छता कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी
बैठक में बताया गया कि विद्यालय की सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था यूपीसिडको को अप्रैल माह में ही धनराशि उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।
इस पर मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं जल्द पूरी कराकर 10 दिन के अंदर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं होने पर कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कूड़ा निस्तारण और विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बैठक में विद्यालय में ठोस अपशिष्ट कूड़ा उठाने के लिए नगर पंचायत कोरांव को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गई। हालांकि अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह को नगर पंचायत कोरांव के माध्यम से नियमित अंतराल पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
वहीं, विद्यालय में विद्युत एवं अन्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एलटी पैनल, एचटी पैनल, अंडर ग्राउंड विद्युत केबल तथा एचटीपी प्लांट के माध्यम से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है।
इन व्यवस्थाओं के वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध के अभाव में तकनीकी खराबी आने पर मरम्मत में देरी होती है, जिससे विद्युत आपूर्ति, विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं।
मण्डलायुक्त ने विद्युत विभाग को संबंधित व्यवस्थाओं का इस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने तथा इसके आधार पर प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त खेल मैदान के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश
बैठक में विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त खेल मैदान की आवश्यकता का विषय भी सामने आया। मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को अतिरिक्त खेल मैदान के लिए जमीन का चिन्हीकरण एवं अधिग्रहण कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने वाले अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी संबंधित विभागों से इस्टीमेट तैयार कराकर शासन को प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उपश्रमायुक्त सुमित कुमार, अटल आवासीय विद्यालय बेलहट के प्रधानाचार्य गोपाल मिश्र, डायट प्राचार्य सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।