आजाद नगर माहेश्वरी महिला मंडल की अनूठी पहल: 40 परिंडे लगाकर पक्षियों को दी राहत

भीषण गर्मी में पक्षियों के दाना-पानी की जिम्मेदारी उठाएंगी संगठन की महिलाएं

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भीषण गर्मी के प्रकोप से बेजुबान पक्षियों को बचाने के लिए आजाद नगर माहेश्वरी महिला मंडल ने एक सराहनीय और अनूठी पहल की है। संगठन की महिलाओं ने भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 40 परिंडे (पानी के बर्तन) स्थापित किए हैं, ताकि पक्षियों को समय पर स्वच्छ पेयजल और भोजन मिल सके।

पक्षियों के संरक्षण का संकल्प

संगठन की अध्यक्ष प्रेम सुधा और सचिव सुनीता ईनाणी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पक्षियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाना है। अध्यक्ष प्रेम सुधा ने बताया कि चिलचिलाती धूप में पानी की तलाश में पक्षियों का जीवन संकट में पड़ जाता है। इसी संवेदना को देखते हुए महिलाओं ने स्वयं आगे आकर यह जिम्मा उठाया है।

नियमित सेवा का लिया बीड़ा

सचिव सुनीता ईनाणी ने जानकारी दी कि केवल परिंडे लगाना ही काफी नहीं है, इसलिए संगठन की महिलाओं ने इनकी नियमित देखरेख का भी संकल्प लिया है। प्रत्येक परिंडे में नियमित रूप से स्वच्छ पानी और दाना भरने की जिम्मेदारी महिला सदस्यों द्वारा निभाई जाएगी। इस पुनीत कार्य में डॉ. राखी राठी, प्रीति चांडक, सुमन चौधरी, गोरी जागेटिया, संगीता काखानी, शीतल बिरला, कविता समदानी, शीतल अजमेरा, विद्या अजमेरा, उषा तोतला, पिंकी जगेटिया एवं मान कंवर काबरा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आमजन से की अपील

महिला मंडल ने शहर के आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों की छत, बालकनी या आसपास के पेड़ों पर पानी के पात्र रखें और दाने की व्यवस्था करें। सदस्यों का मानना है कि मानव द्वारा किए गए ये छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की रक्षा में एक बड़ा योगदान साबित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now