सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और लंबित विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
भीलवाड़ा। बड़लियास की जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को पूर्व प्रधान विजय सिंह राणावत के नेतृत्व तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सांकेतिक धरना आयोजित किया गया। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान विजय सिंह राणावत ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल पाए।
सड़क, पेयजल और बिजली सहित कई मुद्दों पर जताई नाराजगी
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बड़लियास क्षेत्र लंबे समय से सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित विकास कार्यों जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। इन मुद्दों को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य शुरू करने चाहिए। उन्होंने नियमित पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी समस्याओं के समाधान, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के नाम सौंपा ज्ञापन
धरना समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के नाम बड़लियास नायब तहसीलदार मदन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी भी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के सहयोग से चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
धरने के दौरान नंदलाल जोशी, देवकरण आचार्य, ओम प्रकाश पोरवाल, महावीर काबरा, नवल पोरवाल, भंवरलाल चतुर्वेदी, बसंतीलाल व्यास, जगदीश पोरवाल, गोपाल पोरवाल, डालचंद रेगर, पारस टेलर, कालू जायसवाल, विशाल सुधार, नीरज व्यास, बालचंद खटीक, मदन मेवाड़ा, छीत्रर गुर्जर, राजू पहाड़िया, टीकम तेली, मोहन राव, राजेश सोनी सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद तथा उपखंड अधिकारी, मांडलगढ़ को भी प्रेषित की गई।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।