जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण के निर्देश दिए, पोषण अभियान के तहत गोदभराई व अन्नप्राशन भी कराया।
प्रयागराज। तहसील बारा में शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ता का फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उद्यमिता विकास केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाया जाए।
पोषण अभियान के तहत गोदभराई और अन्नप्राशन
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पोषण अभियान के अंतर्गत मीरा देवी एवं प्रीति की गोदभराई कराई। साथ ही रियांशी, रूद्र और आरूशी का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।
539 शिकायतें प्राप्त, 14 का मौके पर निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 539 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 212, पुलिस विभाग की 175, विकास विभाग की 55, विद्युत विभाग की 30, खाद्य एवं रसद विभाग की 25, लोक निर्माण विभाग की 10, समाज कल्याण विभाग की 10, जल निगम की 5, सिंचाई विभाग की 5, वन विभाग की 3, नलकूप विभाग की 3, चिकित्सा विभाग की 2, शिक्षा विभाग की 2 तथा कृषि विभाग की 2 शिकायतें शामिल थीं।
इनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने वरासत, अवैध कब्जा तथा अन्य मामलों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) विजय शर्मा, उपजिलाधिकारी बारा शिखा शंखवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।