भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राजस्थान सरकार द्वारा कर्मचारियों के अर्जित अवकाश (Earned Leave) के नगद भुगतान को बंद करने के संभावित निर्णय के विरोध में भीलवाड़ा के कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी महासंघ एकीकृत के बैनर तले जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारी विरोधी निर्णय का आरोप: महासंघ के जिला अध्यक्ष लक्की ब्यावट ने बताया कि सरकार का यह कदम पूरी तरह कर्मचारी विरोधी है। प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने इस आदेश पर विचार करना बंद नहीं किया, तो प्रदेश व्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ज्ञापन में उठाई गई अन्य प्रमुख मांगें:
-
संविदा नियम: महात्मा गांधी चिकित्सालय के प्लेसमेंट कंप्यूटर ऑपरेटरों को सीएसआर संविदा नियमों के तहत शामिल कर सूची जारी की जाए।
-
वेतन और पद बहाली: विजय राज सिंधिया मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों के विलोपित पदों को पुनः बहाल करने और पिछले दो महीने से बकाया वेतन को तुरंत जारी करने की मांग की गई।
-
विद्यार्थी स्टाइफंड: जनरल नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर (GNTC) भीलवाड़ा के विद्यार्थियों का स्टाइफंड बढ़ाने की मांग रखी गई ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान काशीराम नायक, ललित जीनगर, विनोद सोनी और नूर मोहम्मद खान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
