बापू नगर के शिव साईं राम कृष्ण मंदिर में कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, तीन दिन तक गायत्री महायज्ञ, संस्कार, कथा और दीप यज्ञ के आयोजन
भीलवाड़ा।अखिल विश्व गायत्री परिवार भीलवाड़ा शाखा के तत्वावधान में बापू नगर स्थित ए-सेक्टर के शिव साईं राम कृष्ण मंदिर में 24 से 26 अक्टूबर तक नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा पुराण कथा एवं संस्कार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। लखोटिया परिवार की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम में गायत्री महायज्ञ, संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा, विभिन्न संस्कार तथा दीप यज्ञ सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से प्रशिक्षित कथावाचक संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा का वाचन करेंगे।
आयोजक कैलाश चन्द्र, सीए अंकित और पुलकित लखोटिया ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 24 अक्टूबर, शनिवार को सुबह 8 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा बाल हनुमान मंदिर से रवाना होकर शिव साईं राम कृष्ण मंदिर, ए-सेक्टर, बापू नगर पहुंचेगी।
इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा।
25 अक्टूबर को गायत्री महायज्ञ, संस्कार और दीप यज्ञ
महोत्सव के दूसरे दिन 25 अक्टूबर, रविवार को सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा।
रविवार शाम 5:30 बजे से दीप यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर सकेंगे।
26 अक्टूबर को महायज्ञ, संस्कार और पूर्णाहुति
तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन 26 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक गायत्री महायज्ञ, संस्कार एवं पूर्णाहुति के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा आयोजित की जाएगी।
सद्विचार, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों का मिलेगा संदेश
गायत्री परिवार भीलवाड़ा शाखा के सदस्यों ने बताया कि प्रज्ञा पुराण कथा मानव जीवन को सद्विचार, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का संदेश देती है। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक चिंतन और संस्कारों से जोड़ना है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ लेने का आह्वान किया है। यज्ञ एवं संस्कार सहित सभी कार्यक्रम निःशुल्क रहेंगे। साथ ही यज्ञ में शामिल होने वाले पुरुषों एवं महिलाओं से पीले वस्त्र पहनकर आने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।