भीमताल बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाए सड़क, पानी और शिक्षा के मुद्दे


ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, पेयजल, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से समयबद्ध समाधान की मांग की।

नैनीताल। ललित जोशी। सरोवर नगरी से लगभग 22 किलोमीटर दूर भीमताल क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट की अध्यक्षता में विकासखंड सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विधायक सरिता आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान क्षेत्र से जुड़े अनेक जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।

#### सड़क और पेयजल समस्याओं पर हुई प्रमुख चर्चा

बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नई सड़क निर्माण तथा पेयजल संकट के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई गांवों में खराब सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत भी लगातार बनी हुई है।

#### स्कूलों की बदहाल व्यवस्था और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठा

बीडीसी सदस्य मोहित कुमार ने धुलई स्कूल की जर्जर स्थिति का मामला उठाया। ग्राम प्रधान नाई शिला ने स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव, अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं होने तथा शिक्षकों की कमी की समस्या को सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि इन कमियों के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

बीडीसी सदस्य पंकज सूर्या ने शिक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग ने अपने विद्यालयों की स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने जाला स्कूल का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित अधिकारियों को जाला स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने की दिशा में कार्य करने तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

#### जल जीवन मिशन और पेयजल आपूर्ति पर भी उठे सवाल

ग्राम प्रधान सलड़ी जंतवाल ने गांव में मोटर मार्ग पर पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग रखी। अधोड़ा की प्रेमा मेहरा ने जल संस्थान से पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

प्रधान पसोली बालम राणा ने जल संस्थान और जल निगम के अलग-अलग बिलों का मुद्दा उठाते हुए समाधान की मांग की। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य भौंसा सावित्री शर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले दो महीने से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले जल जीवन मिशन के तहत नियमित पानी मिलता था, लेकिन अब ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी ढोना पड़ रहा है।

बैठक में कई गांवों में पेयजल संकट और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को भी जल्द पूरा कराने की मांग उठाई गई। अधिकारियों को इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

#### बिजली, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय समस्याएं भी रखीं

ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने जंगलिया गांव में ढीले बिजली के तारों को ठीक कराने और बिजली के पोल शिफ्ट करने की मांग रखी। बीडीसी सदस्य ने बलिया नाला क्षेत्र में अतिक्रमण से भविष्य में संभावित खतरे का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान जितेंद्र चनौतिया ने ताल किनारे स्थित सार्वजनिक शौचालय को पुनः खुलवाने की मांग भी बैठक में रखी।

#### अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और ब्लॉक क्षेत्र की किसी भी समस्या को लंबित नहीं रखा जाए।

विधायक सरिता आर्य ने भी अधिकारियों से कहा कि सदन में उठाए गए सभी मामलों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभागीय अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने पंचायत घरों को सुसज्जित बनाने तथा न्याय पंचायत स्तर पर अधिकारियों की नियमित बैठक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, कनिष्ठ प्रमुख रागिनी आर्य, तहसीलदार अक्षय भट्ट, डीपीआरओ सुरेश बैनी, बीडीओ हर्षित गर्ग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, समाज कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग, मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *