नैनीताल में घना कोहरा और बारिश, जनजीवन प्रभावित, पर्यटकों की संख्या घटी


सरोवर नगरी में घने कोहरे से दृश्यता बेहद कम, बारिश और ठंड के बीच नाव संचालन ठप, होटलों के किराए भी हुए कम

नैनीताल। ललित जोशी। नैनीताल में घना कोहरा और लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। सरोवर नगरी और उसके आसपास मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। चारों ओर इतना घना कोहरा छाया हुआ है कि आमने-सामने की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं। तेज बिजली की गर्जना के साथ लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

घने कोहरे और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में मौसम बेहद ठंडा हो गया है। पहाड़ पूरी तरह कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार खराब मौसम के चलते स्थानीय लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है।

पर्यटकों की संख्या में आई कमी

लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी कमी देखने को मिल रही है। जो पर्यटक पहले से नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर घूमने आए हुए हैं, वे भी अधिकतर अपने होटलों में ही रुके हुए हैं। इसके चलते शहर की चहल-पहल पहले की तुलना में काफी कम नजर आ रही है।

झील में नाव संचालन पूरी तरह बंद

मौसम खराब होने का असर नैनीताल झील की गतिविधियों पर भी पड़ा है। सुबह से झील में किसी भी नाव का संचालन नहीं हो सका। घने कोहरे और लगातार बारिश के कारण नौकायन गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रही।

स्थानीय लोगों को जाम से मिली राहत

हालांकि पर्यटकों की संख्या कम होने से शहर में यातायात का दबाव भी घटा है। इसके चलते स्थानीय लोगों को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिली है। सामान्य दिनों में जाम के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन फिलहाल यातायात अपेक्षाकृत सुचारु बना हुआ है।

ठंड बढ़ी, गर्म कपड़ों का सहारा

बारिश और कोहरे के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। इसी बीच स्कूलों में भी आज से पढ़ाई शुरू हो गई है, लेकिन खराब मौसम के चलते शहर अपेक्षाकृत सुनसान नजर आया।

होटलों के किराए में आई कमी

पर्यटकों की संख्या घटने का असर होटल व्यवसाय पर भी दिखाई देने लगा है। जो होटल कुछ समय पहले पर्यटकों को अपेक्षाकृत अधिक किराए पर उपलब्ध हो रहे थे, अब वे कम दामों में मिल रहे हैं। मानसून शुरू होने के साथ नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भी मौसम इसी प्रकार बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

कैची धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या घटी

विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज कैची धाम में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में कम देखी जा रही है। स्कूल खुलने और मानसून के सक्रिय होने के कारण नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *