दो साल से फरार साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, बैंक खाता देकर करता था सहयोग


मानटाउन थाना पुलिस ने दो वर्ष से फरार आरोपी को दबोचा, साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कर कमीशन लेने का आरोप

सवाई माधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेन-देन में सहयोग करता था। उसके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।

पुलिस अधीक्षक जेष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजयसिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक शहर जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

बैंक खाता उपलब्ध कर लेकर करता था कमीशन की कमाई

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र टीकाराम मीणा (22) निवासी बलरिया, थाना चौथ का बरवाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था और इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था।

जांच में सामने आया कि उसके बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के संग्रहण और हस्तांतरण के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में किया जाता था। आरोपी इस पूरे नेटवर्क में आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

फर्जी निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से करते थे ठगी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि साइबर ठग टेलीग्राम, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर स्वयं को शेयर ट्रेडिंग और निवेश विशेषज्ञ बताते थे।

इसके बाद फर्जी स्क्रीनशॉट और नकली ट्रेडिंग रिपोर्ट दिखाकर अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था। फिर लोगों से निवेश, ट्रेडिंग, मैच प्रिडिक्शन, सट्टा तथा अन्य योजनाओं के नाम पर रकम जमा कराई जाती थी।

चार आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार ठगी की राशि विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए स्थानांतरित की जाती थी। आरोपी लोकेश इस पूरे लेन-देन में सहयोग कर आर्थिक लाभ प्राप्त करता था।

मामले में इससे पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि लोकेश पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल हरिसिंह तथा कांस्टेबल अशोक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *