सीए स्पोर्ट्स महोत्सव का समापन, सीए हरिकेन्स बनी क्रिकेट चैंपियन


चार दिवसीय सीए स्पोर्ट्स महोत्सव में 8 टीमों के बीच 15 मुकाबले हुए, सीए हरिकेन्स ने खिताब जीता और सीए जितेंद्र शर्मा बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट।

भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। सीए स्पोर्ट्स महोत्सव का चार दिवसीय आयोजन उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के स्थापना दिवस ‘सीए डे’ के उपलक्ष्य में सीआईआरसी भीलवाड़ा शाखा द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स महोत्सव का भव्य समापन हुआ। विटी स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित क्रिकेट अंडर-40 टूर्नामेंट में चार दिनों तक खेल प्रेमियों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

8 टीमों के बीच खेले गए 15 मुकाबले

चार दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया और 15 रोमांचक मुकाबले खेले गए। पूरे टूर्नामेंट में 100 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी भाईचारा, सहयोग और सकारात्मक माहौल भी देखने को मिला।

खेल से स्वास्थ्य और टीम भावना होती है मजबूत : सीए दिनेश सुथार

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सीआईआरसी भीलवाड़ा शाखा के चेयरमैन सीए दिनेश सुथार ने कहा कि व्यस्त पेशेवर जीवन में ऐसे आयोजन नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करते हैं तथा संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सीए स्पोर्ट्स महोत्सव का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि सदस्यों के बीच स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

समन्वय और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने का माध्यम

सीआईआरसी के सचिव सीए पुलकित राठी ने कहा कि स्पोर्ट्स महोत्सव का उद्देश्य सदस्यों के बीच आपसी समन्वय, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करना है। उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चले प्रत्येक मुकाबले ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

मुख्य समन्वयक सीए अक्षय सोडानी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में नवनीत तोतला, दिनेश आगाल, मोहित लढा, भंवर माली और नवीन वागरेचा का विशेष योगदान रहा। उन्होंने खिलाड़ियों, अंपायरों, आयोजकों एवं सहयोगी टीमों का आभार भी व्यक्त किया।

1 जुलाई को होगा विजेताओं का सम्मान

समापन समारोह में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने आयोजन को प्रेरणादायक एवं यादगार बताते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। उपाध्यक्ष सीए एसएन लाठी ने बताया कि विजेता एवं उपविजेता टीमों को 1 जुलाई को सीए दिवस के अवसर पर आईसीएआई भवन, भीलवाड़ा में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

फाइनल में सीए हरिकेन्स ने जीता खिताब

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सीए हरिकेन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीए थंडर्स को 23 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। कप्तान सीए चिन्मय कोगटा के नेतृत्व में हरिकेन्स ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया।

वहीं कप्तान सीए अर्चित तोतला के नेतृत्व में सीए थंडर्स ने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और फाइनल तक पहुंचकर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

सेमीफाइनल मुकाबलों में भी रहा रोमांच

पहले सेमीफाइनल में सीए हरिकेन्स ने सीए स्ट्राइकर्स को 24 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में सीए थंडर्स ने चार्टर्ड पावर हिटर्स को 4 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अंतिम ओवर तक चले इस मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

जितेंद्र शर्मा बने फाइनल के हीरो और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

फाइनल मुकाबले में सीए जितेंद्र शर्मा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 29 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें एक चौका और दो छक्के शामिल रहे। इसके बाद गेंदबाजी में तीन ओवर में मात्र 17 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर सीए जितेंद्र शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

वैभव कोठारी बने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज

सीए वैभव कोठारी ने पूरे टूर्नामेंट में 129 रन बनाए। उनकी पारी में एक अर्धशतक, 17 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज भी बने जितेंद्र शर्मा

गेंदबाजी में भी सीए जितेंद्र शर्मा सबसे प्रभावशाली रहे। उन्होंने पांच मैचों में 12 विकेट, 39 डॉट बॉल और 4.30 की शानदार इकॉनमी के साथ पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *