जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान संपर्क पोर्टल पर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों तथा राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पेयजल आपूर्ति और हैंडपंप मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों एवं ट्यूबवेलों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
अस्पतालों में पेयजल, दवाइयों और फायर सेफ्टी पर जोर
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी राजकीय चिकित्सालयों में शुद्ध पेयजल, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखा जाए। इसके अलावा अस्पतालों में विद्युत वायरिंग की सुरक्षा जांच एवं फायर सेफ्टी उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिला कलक्टर ने नगर निगम को शहर में गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने विद्युत विभाग, नगर निगम, पीएचईडी एवं चिकित्सा विभाग के संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर किए गए निस्तारण की जिला स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी, परियोजना अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गर्ग, अधिशाषी अभियंता मयंक शर्मा, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता ओम प्रकाश खटोड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।