खंडेलवाल युवा परिषद और दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर जल सेवा कर यात्रियों को गर्मी से राहत पहुंचाई।
गंगापुर सिटी। तपती गर्मी के बीच गंगापुर सिटी स्टेशन जल सेवा अभियान के तहत रेलवे स्टेशन पर सेवा का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा पिछले 18 वर्षों से अप्रैल से जून तक संचालित की जा रही निशुल्क जल सेवा में रविवार को खंडेलवाल युवा परिषद ने भी सहभागिता निभाई। दोनों संगठनों ने संयुक्त रूप से रेल यात्रियों को ठंडा जल एवं शीतल शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई।
रेल यात्रियों को अपने हाथों से पिलाया ठंडा जल और शरबत
गंगापुर सिटी। खंडेलवाल युवा परिषद के अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल (डंगायच) के नेतृत्व में परिषद के दर्जनों युवा, महिला सदस्य एवं गणमान्य नागरिक रेलवे स्टेशन पहुंचे। सभी ने अपने हाथों से रेल यात्रियों को ठंडा जल और शरबत पिलाया। भीषण गर्मी से परेशान यात्रियों को शीतल पेय उपलब्ध होने पर उनके चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।
दोनों संगठनों ने किया एक-दूसरे का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान खंडेलवाल युवा परिषद की ओर से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, जल सेवा संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या, सहसंयोजक दीपक गोयल एवं योगेंद्र जैन का माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
वहीं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने भी खंडेलवाल युवा परिषद के अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महिला महासम्मेलन की वरिष्ठ पदाधिकारी कुशला खूटेटा सहित परिषद के सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
18 वर्षों से लगातार चल रही है निशुल्क जल सेवा
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने बताया कि उनका संगठन पिछले 18 वर्षों से प्रत्येक ग्रीष्मकाल में लगभग ढाई महीने तक लगातार निशुल्क जल सेवा संचालित कर रहा है। इस सेवा के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों रेल यात्रियों को ठंडा पानी और शरबत उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम के संयोजक चेतन मोदी, गिरीश सांवरिया एवं तनिष्क सोखिया ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। वहीं ग्रुप के मंत्री जयप्रकाश डांस ने बताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
‘जल सेवा, भगवान की सेवा’ का दिया संदेश
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की महामंत्री कुशला खूटेटा ने कहा कि लगातार ढाई महीने तक जल सेवा करना संकल्प, समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य से गंगापुर सिटी का नाम गौरवान्वित हुआ है।
वहीं खंडेलवाल युवा परिषद के अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल ने कहा कि तपती गर्मी में प्यासे व्यक्ति को पानी पिलाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। यह भगवान की सेवा के समान है और परिषद भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रहेगी।
समाज समिति के अध्यक्ष कैलाश खूंटेटा ने भी समाज को जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
दर्जनों जल सेवक रहे मौजूद
इस अवसर पर विनोद खंडेलवाल, वीरेंद्र आर्य नमन, सुनील गोयल, कुलदीप गोयल, विशाल सामरिया, अतुल डंगायच, प्रमोद मोदी, शगुन रावत, आदर्श मेहरवाल, हर्ष मेहरवाल, दीपक दुसाद, विनोद माचीवाल तथा महिला मंडल से रेनु आर्य, पूजा खंडेलवाल, सारिका माचीवाल, सीता डंगायच, अनीता दुसाद, पूजा राजोरिया, ज्योति डंगायच एवं अंजना रावत सहित दोनों संगठनों के दर्जनों जल सेवक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।