मेगा हाइवे पर चला सफाई व अतिक्रमण हटाने का अभियान


जेसीबी से नालियों की गहरी सफाई, बरसात में जलभराव रोकने की तैयारी

सूरौठ – मीडिया प्रभारी रामप्रताप पाराशर ने बताया कि नगर पालिका सूरौठ द्वारा गुरुवार को अधिशासी अधिकारी रीना खंडेलवाल के निर्देश पर कनिष्ठ अभियंता टीना शर्मा व सफाई निरीक्षक खेमराज मीना के द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गंगापुर–भरतपुर मेगा हाइवे सूरौठ पुलिस थाने के पास सड़क किनारे व नालियों में जमे कचरे व नालियों की जेसीबी मशीन से गहरी सफाई करवाई गई। बरसात का सीजन नजदीक होने के कारण नगर पालिका ने जलभराव रोकने और सुचारू जल निकासी सुनिश्चित करने को लेकर यह कार्रवाई प्राथमिकता में की है।
नगर पालिका टीम ने मौके पर मौजूद रहकर नालियों की सफाई के साथ-साथ लोगों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी हटवाया। अधिकारियों ने बताया कि वर्षा के दिनों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नालियों का अवरोध खत्म किया जा रहा है।
अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता टीना शर्मा, टींडल सोहन सिंह पोहिया,सफाई निरीक्षक खेमराज मीना मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी करते हुए कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूर्ण करवाया।
अधिकारियों ने बताया कि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण न करें, नालियों में कचरा न डालें और नगर को साफ रखने में प्रशासन का साथ दें।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित सफाई से वातावरण न केवल स्वच्छ बल्कि स्वस्थ भी बना रहेगा।
नगर पालिका प्रशासन ने दुकानदारों और कस्बेवासियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन्होंने सड़क किनारे अस्थायी दुकानें या सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं हटाने की पहल करें। अन्यथा अभियान के तहत प्रशासन सख्ती से अतिक्रमण हटाएगा।
यह साफ-सफाई अभियान बरसाती मौसम से पहले नगर को व्यवस्थित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है….
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य बृजेश भारद्वाज, मीडिया प्रभारी रामप्रताप पाराशर, पत्रकार टीकाराम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now