मुख्यमंत्री को कॉफी टेबल बुक ‘री-डिस्कवरिंग रणथम्भौर, सवाई माधोपुर’ भेंट


जिला प्रशासन ने पंच गौरव कार्यक्रम के तहत जिले की विरासत, पर्यटन एवं जैवविविधता के समग्र दस्तावेज के रूप में करवाया प्रकाशन

सवाई माधोपुर, 18 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को जिला कलक्टर काना राम ने सवाई माधोपुर और रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान से संबंधित कॉफी टेबल बुक ‘री-डिस्कवरिंग रणथम्भौर, सवाई माधोपुर’ भेंट की। इस पुस्तक में सवाई माधोपुर जिले की विरासत, पर्यटन, जैवविविधता और रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान से जुड़ी पर्यटन गतिविधियों तथा दर्शनीय स्थलों की जानकारी संकलित है।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुस्तक में सवाई माधोपुर के इतिहास, संस्कृति, वन्यजीव, प्राकृतिक सौन्दर्य लोकजीवन, कलाओं, हस्तशिल्प, और पर्यटन की संभावनाओं का समग्र एवं सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में जिले की ऐतिहासिक इमारतों, किलों, मंदिरों, बावड़ियों तथा अन्य धरोहरों का विस्तार से उल्लेख किया गया है, जिससे क्षेत्र की समृद्ध विरासत की प्रामाणिक जानकारी मिलती है।
सवाई माधोपुर की पारम्परिक हस्तकलाओं के बारे में कॉफी टेबल बुक में विस्तार से विवरण दिया गया है। ये कलाएं न केवल स्थानीय लोगों के लिए आजीविका का सशक्त माध्यम हैं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नए आयाम प्रदान करती हैं। विश्व प्रसिद्ध रणथम्भौर बाघ परियोजना सहित जिले के वन्यजीव और प्राकृतिक सौंदर्य के दृश्य भी पुस्तक में समाहित हैं, जो क्षेत्र की जैव-विविधता को रेखांकित करते हैं।
यह प्रकाशन सवाई माधोपुर के पर्यटन, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में प्रकाशित यह पुस्तक चिन्हित पर्यटन सूचना केंद्रों एवं पर्यटन स्थलों, राजकीय संग्रहालयों, होटलों एवं अतिथि गृहों के स्वागत कक्ष, हवाई अड्डे तथा रेलवे स्टेशन के यात्री विश्राम स्थलों पर उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और आगंतुक सवाई माधोपुर के दर्शनीय स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। उप निदेशक पर्यटन विभाग मधुसूदन सिंह ने बताया कि इस कॉफी टेबल बुक के चित्रों और आलेख का संकलन डॉ. धर्मेंद्र खांडल एवं प्रवीण सिंह द्वारा किया गया है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now