इंदरगढ़ में गंगापुर सिटी की धर्मशाला का निर्माण कार्य फिर शुरू: वाटर कूलर, वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरों से होगी सुसज्जित


माँ इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति की बैठक में हुआ फैसला; 8 मई से ठेकेदार शुरू करेगा शेष कार्य, भामाशाहों से सहयोग की अपील

गंगापुर सिटी (पंकज शर्मा)। माँ इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति द्वारा इंदरगढ़ में निर्माणाधीन ‘गंगापुर वालों की धर्मशाला’ के कार्य को गति देने के लिए बुधवार रात्रि एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कर्मचारी कॉलोनी स्थित इंदरगढ़ दरबार में समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में धर्मशाला को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने पर चर्चा हुई।

रुका हुआ कार्य फिर से होगा शुरू

महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि ठेकेदार के अस्वस्थ होने और आकस्मिक निधन के कारण पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य बंद था। समिति प्रतिनिधियों ने अब ठेकेदार के प्रतिनिधि से वार्ता कर 8 मई से कार्य दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए निर्माण सामग्री मौके पर पहुंचा दी गई है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी धर्मशाला

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला में रसोई, भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर और ठंडे पेयजल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरे परिसर में वाई-फाई युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यहाँ जागरण, कथा, शादी-समारोह और सवामणी के लिए माकूल व्यवस्था उपलब्ध है।

कोष संग्रहण और भामाशाहों का सहयोग

सभापति शिवरतन अग्रवाल ने बैठक में कहा कि शेष निर्माण के लिए नए ट्रस्टी बनाने और भामाशाहों द्वारा की गई घोषणाओं की राशि एकत्रित करने हेतु संपर्क किया जाएगा। डॉ. सीताराम और दिनेश चंद्र ने भी धर्मशाला को सर्वसुविधायुक्त बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर जगदीश गर्ग, विपिन गर्ग, आकाश सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now