नदबई: PWD कार्यालय में शिव परिवार व हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, विशाल भंडारे में उमड़ी भीड़

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित हुई मूर्तियाँ, भक्तिमय भजनों और जयकारों से गूंजा कार्यालय परिसर

नदबई (भरतपुर): नदबई तहसील परिसर के पीछे स्थित PWD कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। यहाँ श्रद्धा और उत्साह के साथ शिव परिवार एवं हनुमान जी महाराज की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित स्थानीय कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बीच शिव परिवार और हनुमान जी महाराज की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। पूजा के दौरान पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे रहे।

जयकारों से गूंज उठा परिसर प्रतिष्ठा समारोह के दौरान “हर-हर महादेव” और “हनुमान जी महाराज की जय” के उद्घोष से कार्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा। क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने धोक लगाई। समारोह के लिए PWD कार्यालय को फूलों और लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

विशाल भंडारे का आयोजन धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णता के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और राहगीरों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। भंडारे में सेवा कार्य के लिए विभागीय कर्मचारियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। इस अवसर पर PWD विभाग के आला अधिकारियों सहित कॉलोनी के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now