जिला स्तरीय समारोह में मार्च पास्ट, देशभक्ति प्रस्तुतियां और वीरांगनाओं का सम्मान, 72 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।
डीग। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग में जिला स्तरीय समारोह देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के भाव के साथ आयोजित किया गया। समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन हुआ। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट की सलामी ली।
विभिन्न टुकड़ियों ने प्रस्तुत किया अनुशासित मार्च पास्ट
परेड का निर्देशन अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा ने किया, जबकि अमित कुमार, सीआई, पुलिस लाइन डीग ने परेड कमांडर के रूप में नेतृत्व किया।
मार्च पास्ट में 14वीं आरएसी पहाड़ी, जिला पुलिस डीग, पीटीएस बांसी तथा एनएसएस के विद्यार्थियों सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया। जवानों और विद्यार्थियों के अनुशासित कदमताल ने समारोह में देशभक्ति का माहौल और मजबूत कर दिया।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राजस्थान की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
बालिका उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर, डीग की छात्राओं ने ‘धन्य भारत के अमर तिरंगा’ पर सामूहिक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, डीग के विद्यार्थियों ने ‘मेरा देश पहले’ पर सामूहिक नृत्य के माध्यम से देशप्रेम का संदेश दिया।
इसी क्रम में ला. म. ख. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग ने ‘तेरा हिमालय अंबर छू ले’, विकास सी. सै. स्कूल, डीग ने ‘तिरंगा योद्धा’ तथा किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग ने ‘धरती धोरां री’ पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और राजस्थान की लोक संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
72 लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वीरांगनाओं का सम्मान भी किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 72 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का उत्साहवर्धन किया।
राज्यपाल का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां ने महामहिम राज्यपाल का स्वतंत्रता दिवस संदेश उपस्थित जनसमूह के समक्ष पढ़कर सुनाया।
मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिला कलक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, शिवराम दास जी महाराज, जाटेरी धाम के बिपिन बिहारी दास जी, पद्मश्री गफरुद्दीन मेवाती, हरि बोल चेतन्यपुरी महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश बंसल सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सैनिक, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।