डीग में मिलावटी पनीर के दो प्लांटों पर छापा, 2 आरोपी गिरफ्तार


1800 किलो मिलावटी पनीर नष्ट कराया, सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर से तैयार किया जा रहा था पनीर

डीग। डीग जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। कैथवाड़ा थाना पुलिस, जिला डीएसटी और खाद्य विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मिलावटी पनीर बनाने वाले दो प्लांटों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों साहिल और अल्ली उर्फ अलीजान को गिरफ्तार किया। वहीं, करीब 1800 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट कराया गया।

जाजमका और मांची में संचालित डेयरियों पर छापेमारी

पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. आईपीएस के निर्देशन में 23 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने गांव जाजमका स्थित एक डेयरी तथा मांची के जंगल में धर्मशाला के पास संचालित दूसरी डेयरी पर छापा मारा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों प्लांटों में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा था। पनीर बनाने के लिए सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली।

1800 किलो मिलावटी पनीर कराया नष्ट

कार्रवाई के दौरान दोनों प्लांटों से करीब 1800 किलोग्राम तैयार मिलावटी पनीर बरामद किया गया, जिसे नष्ट कराया गया। इसके अलावा टीम ने बड़ी मात्रा में पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की।

पुलिस कार्रवाई में निम्न सामग्री जब्त की गई—

  • 18 कट्टे एसएमपी पाउडर।
  • 3 कट्टे मशीन क्लीन पाउडर।
  • 11 पीपे रिफाइंड पामोलीन ऑयल।
  • 2 पीपे सोयाबीन तेल।
  • एक पिकअप वाहन।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लिए पनीर के नमूने

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर के नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की। दोनों डेयरी प्लांटों को सील कर दिया गया है। नमूनों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चार राज्यों में सप्लाई किए जाने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, इन प्लांटों में तैयार किया जाने वाला पनीर हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने इस मामले में साहिल और अल्ली उर्फ अलीजान को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

डीग पुलिस का कहना है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *