17 वार्डों में सदस्य पद के लिए 231 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जांच के बाद 146 नामांकन विधि सम्मत पाए गए
सूरौठ। नवगठित शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। निर्वाचन विभाग की टीम ने सभी 17 वार्डों से प्राप्त नामांकन पत्रों की सघन समीक्षा की। जांच के दौरान कुल 85 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 146 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
231 नामांकन पत्रों की हुई जांच
रिटर्निंग ऑफिसर अशोक कुमार एवं चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डागुर ने बताया कि शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के सभी 17 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 165 अभ्यर्थियों ने 231 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। शनिवार को निर्वाचन विभाग की टीम ने नामांकन पत्रों की जांच और समीक्षा की।
इस दौरान राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न संबंधी अभाव एवं अन्य कारणों के चलते 85 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। समीक्षा के बाद 146 नामांकन पत्र ही विधि सम्मत पाए गए।
वार्ड 9 में सबसे अधिक प्रत्याशी
नामांकन पत्रों की समीक्षा के बाद वार्डवार प्रत्याशियों की स्थिति में भी अंतर सामने आया है। शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के वार्ड 9 में सबसे अधिक 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, वार्ड 15 में सबसे कम केवल 2 उम्मीदवार रह गए हैं।
26 अक्टूबर को नाम वापसी का अवसर
चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डागुर ने बताया कि अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
समीक्षा के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
नामांकन पत्रों की समीक्षा प्रक्रिया के दौरान रिटर्निंग अधिकारी अशोक कुमार, अतिरिक्त रिटर्निंग अधिकारी हरिशंकर शर्मा, चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डागुर, नॉमिनेशन टीम प्रभारी अरुण सिंह डागुर, सूरौठ थानाधिकारी सुमेर सिंह गुर्जर और जगर चौकी इंचार्ज हरिराम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:
Karauli, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।