डीग में महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम आयोजित, राशि डोगरा डूडी ने आत्मरक्षा और अधिकारों पर किया जागरूक


राजकीय महाविद्यालय में छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला कानूनों और राजकॉप ऐप के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण।

डीग। महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम-2026 के तहत शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय, डीग में जिला स्तरीय जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमहानिरीक्षक पुलिस (सीआईडी-सीबी) श्रीमती राशि डोगरा डूडी ने की। इस दौरान छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला अधिकारों तथा पुलिस की सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम ने छात्राओं और महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। टीम ने आत्मरक्षा का लाइव डेमो प्रस्तुत करते हुए बताया कि संकट की स्थिति में किस प्रकार सतर्कता और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा की जा सकती है।

महिला सुरक्षा योजनाओं का किया प्रदर्शन

कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस द्वारा संचालित महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने राजकॉप ऐप के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति, छेड़छाड़ या अन्य अपराध की स्थिति में ऐप का उपयोग कर त्वरित पुलिस सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।

इसके साथ ही गरिमा हेल्पलाइन सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं की कार्यप्रणाली का भी प्रदर्शन किया गया।

साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए “क्या करें और क्या न करें” विषय पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

महिला कानूनों और वन स्टॉप सेंटर की जानकारी

कार्यक्रम में वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर की सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को यहां एक ही स्थान पर चिकित्सीय, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इसके अलावा छात्राओं को विशाखा गाइडलाइन, पोक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा महिला अपराधों से संबंधित कठोर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से नौकर एवं किराएदार सत्यापन के महत्व पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ-साथ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं अन्य पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

महिलाओं को जागरूक होना जरूरी: राशि डोगरा डूडी

मुख्य अतिथि श्रीमती राशि डोगरा डूडी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और उपलब्ध सुरक्षात्मक साधनों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्ध है तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक डीग कांबले शरण गोपीनाथ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, वृताधिकारी सीताराम बैरवा, शहर कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, छात्राएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *