मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में डीग के 592 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र


डीग में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

डीग। अमर दीप सेन। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत शनिवार को किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की मंशानुरूप युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ना और उन्हें रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर जिले के 592 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को समारोहपूर्वक नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

592 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, प्रभारी सचिव डीग एवं संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ की गई।

पचपदरा से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

रोजगार उत्सव के दौरान सभागार में मौजूद सभी अतिथियों, अधिकारियों और नवनियुक्त कार्मिकों ने बालोतरा के पचपदरा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य समारोह तथा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

मेहनत के दम पर मिली नौकरी : जवाहर सिंह बेढ़म

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में उनका चयन पूरी तरह उनकी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं और उनके अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने इस कुप्रथा को समाप्त करने का प्रयास किया है, जिससे मेहनत करने वाले युवाओं को अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में एक साथ 53,977 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं, जो युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर सेवा जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया।

रिफाइनरी से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उनके अनुसार इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और आर्थिक विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।

डॉ. शैलेश सिंह ने गिनाए विकास कार्य

विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेश सिंह ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा के साथ समाज, राष्ट्र और परिवार के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी से ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी और संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को देश की महत्वपूर्ण परियोजनाएं बताते हुए कहा कि इससे रोजगार और विकास को नई दिशा मिलेगी तथा पानी की कमी वाले क्षेत्रों को भी लाभ होगा।

उन्होंने बताया कि डीग जिला चिकित्सालय और डीग बाईपास निर्माण के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। इसके अलावा पूँछरी का लौठा क्षेत्र में 700 से 800 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुड़गांव फीडर, होम्स फीडर और भरतपुर फीडर के लिए 375 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से जिले के लगभग 85 प्रतिशत गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।

वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति ने किया संचालन

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, नवनियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *