देवी मंदिर के पास लगा सरकारी RO प्लांट एक महीने से खराब, शुद्ध पेयजल के लिए आमजन को हो रही भारी परेशानी।
डीग। अमरदीप सैन। जनूथर में RO प्लांट एक माह से खराब होने के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। देवी मंदिर के समीप स्थापित सरकारी आरओ प्लांट के लंबे समय से बंद पड़े रहने से स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच आमजन को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक माह से बंद है RO प्लांट
स्थानीय लोगों के अनुसार देवी मंदिर के पास लगा सरकारी आरओ प्लांट पिछले लगभग एक महीने से खराब पड़ा है। इसके चलते जनूथर उपतहसील क्षेत्र के लोग शुद्ध और फ्लोराइड-मुक्त पेयजल से वंचित हैं। लोगों का कहना है कि लंबे समय से प्लांट बंद होने के बावजूद अब तक इसे चालू नहीं कराया गया है।
शुद्ध पेयजल के लिए बढ़ी परेशानी
क्षेत्रवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित ऐसी योजनाओं का समय पर रखरखाव नहीं होने और बजट के अभाव में उनका लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पा रहा है। शुद्ध पानी के लिए इन प्लांटों पर निर्भर रहने वाले लोग अब दूषित पानी पीने या फिर निजी टैंकरों और बोतलबंद पानी पर निर्भर होने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रभान गुप्ता, योगेश शर्मा, विवेक चौधरी, गोविन्द सिंह, देवेंद्र पहलवान, कपिल चौधरी सहित अन्य लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान पानी और बिजली की समस्याओं के समाधान के बड़े वादे किए गए थे। उनका आरोप है कि आरओ प्लांट बंद होने की शिकायत कई बार किए जाने के बावजूद जलदाय विभाग (PHED) के स्तर पर अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है।
समय पर मरम्मत की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि खराब पड़े आरओ प्लांट की शीघ्र मरम्मत कर उसे पुनः चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा फिर से उपलब्ध हो सके और भीषण गर्मी के दौरान राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।