डीग में ऑपरेशन काउंटडाउन, 48 घंटे में 45 साइबर ठग गिरफ्तार


पुलिस ने 26 मोबाइल, 49 फर्जी सिम और 2 मोटरसाइकिलें जब्त कीं, पांच माह में करीब 1000 साइबर ठग गिरफ्तार करने का दावा।

डीग। जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत महज 48 घंटे में 45 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 49 फर्जी सिम कार्ड और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ (IPS) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य जिले में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त से जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

कामां, जुरहरा और कैथवाड़ा पर पुलिस की विशेष कार्रवाई

अभियान के दौरान जिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिन्हित स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार जुरहरा थाना क्षेत्र में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह कामां से 7 और सीकरी से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कैथवाड़ा थाना पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और 6 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

सेक्सटॉर्शन गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

अभियान के दौरान गोपालगढ़ थाना पुलिस को भी बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए लोगों को कथित रूप से जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले सेक्सटॉर्शन गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 5 फर्जी सिम कार्ड बरामद हुए हैं। इन सिम कार्ड के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को निशाना बनाए जाने की आशंका है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

जालूकी और कोतवाली डीग से भी गिरफ्तारियां

ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत जालूकी थाना क्षेत्र से 2 तथा कोतवाली डीग से 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर साइबर अपराध से जुड़े अन्य मामलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पांच माह में करीब 1000 साइबर ठगों पर कार्रवाई का दावा

पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिले में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप पिछले पांच माह में करीब 1000 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विशेष रूप से फर्जी सिम, मोबाइल नेटवर्क और ऑनलाइन ठगी से जुड़े गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *