जिला न्यायाधीश हेमराज गौड़ की मौजूदगी में आयोजित विशेष लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी समझौते से समाधान हुआ।
डीग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीग के तत्वावधान में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश हेमराज गौड़, सचिव रामकिशन शर्मा तथा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विशेष लोक अदालत में बड़ी संख्या में पक्षकार अपने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए पहुंचे। इस दौरान न्यायालयों में लंबित प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई करते हुए आपसी सहमति और समझौते के आधार पर विवादों का समाधान कराया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश हेमराज गौड़ ने स्वयं कई मामलों की सुनवाई कर पक्षकारों को समझाइश के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया, जिससे अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो गया।
5 विशेष बेंचों का किया गया गठन
विशेष लोक अदालत के सफल संचालन के लिए डीग न्याय क्षेत्र एवं तालुका स्तर पर कुल 5 विशेष बेंचों का गठन किया गया। इन बेंचों में मुख्य रूप से बैंकों के ऋण वसूली संबंधी प्रकरण, धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) तथा प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई की गई।
लोक अदालत के दौरान 912 लंबित न्यायालयीन प्रकरणों में से 213 मामलों तथा 226 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में से 112 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर सफल निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 325 मामलों का समाधान कर पक्षकारों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया गया।
आमजन को मिला त्वरित न्याय
लोक अदालत में उपस्थित पक्षकारों ने आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने पर संतोष व्यक्त किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से समय, धन एवं श्रम की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं।
अनेक न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रामकिशन शर्मा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सरोज मीणा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेनू सकीत, सिविल न्यायाधीश एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भाविका कुलहरी, जेजेबी मजिस्ट्रेट कुसुम मीणा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नमो नारायण मीणा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुबोध पाराशर, तहसीलदार जुगीता मीणा, एलएडीसी चीफ विनोद कुमार शर्मा, डिप्टी चीफ राजेंद्र कुमार शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर सीताराम बैरवा, अपर लोक अभियोजक राकेश खंडेलवाल, पैनल एडवोकेट प्रवीन चौधरी, रमाकांत, विक्रम सिंह, आनंद पटेल सहित अनेक अधिवक्ता एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।