डीग में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, घेवर और मावा बर्फी के सैंपल लिए


राखी त्योहार अभियान के तहत 15 दुकानों का निरीक्षण, करीब 90 किलो खराब खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई।

डीग। आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ राखी त्योहार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने डीग कस्बे में मिठाई दुकानों पर सघन निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 15 मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य अनुज्ञापत्रों की जांच की गई।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी, जिला कलेक्टर मयंक मनीष तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल के निर्देशन में की गई।

90 किलो खराब खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों के निरीक्षण के दौरान करीब 90 किलो अखाद्य सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराई। इसमें चीनी की चाशनी तथा बदबूदार एवं खराब सूखी मिठाइयां शामिल थीं, जिन्हें खाने योग्य नहीं पाया गया।

अधिकारियों ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सामग्री को ढककर रखने के निर्देश दिए, ताकि कीड़े-मक्खियों से खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी पाबंद किया गया।

घेवर और मावा बर्फी के लिए तीन सैंपल लिए

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल तीन खाद्य नमूने लिए। राधारानी जूस सेंटर, लक्ष्मणजी मंदिर से घेवर मिठाई का एक नमूना लिया गया।

वहीं कान्हा मिष्ठान भंडार (अशोक हलवाई) से भी घेवर का नमूना लिया गया। दुकान संचालक को एफएसएस एक्ट, 2006 की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस भी दिया गया।

इसके अलावा सोनू जैन मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लिया गया। सभी तीनों नमूनों को जांच के लिए जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला, भरतपुर भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने तथा खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित या अनधिकृत रंगों का इस्तेमाल नहीं करने के लिए समझाया।

अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मिलावट रोकने के लिए अभियान जारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराना है।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह, चंद्रभान रजाना तथा वाहन चालक मनीष मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *