डीग में जिला स्तरीय वन महोत्सव, माढेंरा रूँध में रोपे अर्जुन के पौधे


जिला कलक्टर मयंक मनीष और एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश दिया।

डीग। जिला प्रशासन एवं वन विभाग, डीग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन में जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर मयंक मनीष एवं जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बोटेनिकल गार्डन परिसर में पौधारोपण किया।

वन महोत्सव के दौरान राज्य सरकार की ‘पंच गौरव’ योजना के तहत ‘एक जिला-एक वनस्पति’ के रूप में चयनित औषधीय गुणों से युक्त अर्जुन के पौधों का विधिवत रोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों तथा ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।

बोटेनिकल गार्डन को विकसित करने की बनेगी कार्ययोजना

मीडिया से बातचीत करते हुए जिला कलक्टर मयंक मनीष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए वन महोत्सव महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन को एक उत्कृष्ट एवं विकसित पर्यावरण केंद्र के साथ आकर्षक भ्रमण स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गार्डन में आवश्यक आधारभूत संरचना, वॉक-वे और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके बाद प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि क्षेत्र को प्रकृति प्रेमियों और आमजन के लिए बेहतर भ्रमण स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर

जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में संचालित ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत डीग जिले में बड़े स्तर पर सघन पौधारोपण किया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने लोगों से अपने घर, आंगन और खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाने का आह्वान किया।

गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश

कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी सुरेश मिश्रा ने वन विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा हरियालो राजस्थान अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी संबंधित राजकीय विभागों एवं एजेंसियों से अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तेजी से एवं गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी आवश्यक है।

ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

वन महोत्सव में जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों और अन्य उपस्थित लोगों ने अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आमजन की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *