डीग में जल योजनाओं का 2 अक्टूबर को होगा जल अर्पण कार्यक्रम


एडीएम ने जल जीवन मिशन और राइजिंग राजस्थान के कार्यों की समीक्षा की, लंबित कनेक्शन और एमओयू में तेजी के निर्देश

डीग। अतिरिक्त जिला कलेक्टर देवेंद्र परमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम), राइजिंग राजस्थान तथा अन्य संबंधित विषयों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित जल योजनाओं, राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत हुए समझौतों की प्रगति और संबंधित कंपनियों की समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा की गई।

2 अक्टूबर को होगा जल अर्पण कार्यक्रम

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत चयनित सभी जल योजनाओं का 2 अक्टूबर को जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। उन्होंने शेष नल जल मित्रों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने हर घर जल रिपोर्टेड गांवों को हर घर जल प्रमाणित करवाने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों से समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही लंबित तीन विद्युत कनेक्शनों को जल्द जारी करवाने के लिए अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल को निर्देशित किया।

जल अर्पण दिवस के आयोजन को लेकर चयनित योजनाओं के सभी गांवों में ग्राम विकास अधिकारियों, कनिष्ठ अभियंताओं और सहायक अभियंताओं की संयुक्त बैठक अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।

राइजिंग राजस्थान के एमओयू में प्रगति बढ़ाने के निर्देश

बैठक में राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत चल रहे एमओयू की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संबंधित कंपनियों से समन्वय कर एमओयू को आगे बढ़ाने और विभागवार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग को पोर्टल पर प्रदर्शित संबंधित एमओयू को आगे की कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जेवीवीएनएल, आयुष विभाग, कौशल विकास एवं पशुपालन विभाग को अपने-अपने एमओयू में प्रगति बढ़ाने के लिए कहा गया।

कंपनियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर

बैठक में विवाद एवं शिकायत निस्तारण तंत्र के तहत कंपनियों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। कंपनियों की ओर से सड़क, बिजली और पानी से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी गईं।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएसआर से जल संरक्षण और वृक्षारोपण में निवेश की अपील

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र डीग दिलकुश मीना ने कंपनियों से अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के माध्यम से जल संरक्षण, जल संचयन और वृक्षारोपण सहित जनोपयोगी कार्यों में अधिक निवेश करने की अपील की।

बैठक में जल योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल प्रमाणन और राइजिंग राजस्थान के एमओयू को गति देने के साथ कंपनियों से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *