जर्जर सराय से हादसे का खतरा, वार्डवासियों ने पुनर्निर्माण की मांग उठाई


माता महारानी मंदिर के पास खस्ताहाल सराय को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा, जनसुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग।

भीलवाड़ा |जर्जर सराय को लेकर शहर के वार्ड संख्या 24 के स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वार्ड संख्या 24 स्थित कुचबंदा समाज मोहल्ले में माता महारानी मंदिर के समीप नगर निगम द्वारा वर्षों पहले निर्मित सराय रखरखाव के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

सोमवार को नगर अध्यक्ष भूपेंद्र (कुणाल) गोरण के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सराय के शीघ्र पुनर्निर्माण अथवा आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की। ज्ञापन में जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द तकनीकी निरीक्षण कराने का भी आग्रह किया गया।

छत और दीवारों की हालत बनी चिंता का कारण

भूपेंद्र गोरण ने बताया कि नगर निगम ने वर्षों पहले इस सराय का निर्माण कराया था, लेकिन समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। वर्तमान में सराय की छत पूरी तरह खोखली हो चुकी है, जबकि दीवारों का प्लास्टर लगातार टूटकर नीचे गिर रहा है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं पर भी खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सराय घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है और माता महारानी मंदिर के बिल्कुल समीप होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। इसके अलावा आसपास के निवासी भी पूरे दिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में यदि भवन का कोई हिस्सा गिरता है तो जन-धन की बड़ी हानि हो सकती है।

समय रहते कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए नगर निगम तत्काल सराय का तकनीकी निरीक्षण कराए और आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू करे। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जनसुरक्षा को देखते हुए इस मामले में किसी भी प्रकार की देरी उचित नहीं होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान शुभम गोरण, सोनू चावरिया, रोहित आदिवाल, राज घावरी, राजवीर कुचबंदा, सौरभ, नरेश, अमल, विक्रम, विक्की, मनीष, अक्षय, ध्रुव, गौरव कुचबंदा सहित वार्ड 24 एवं कुचबंदा समाज मोहल्ले के अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सराय की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में होने वाली किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *