सवाई माधोपुर में जिला स्तरीय जनसुनवाई; उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक रामकेश मीना ने जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया


गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र, जिला कलेक्ट्रेट परिसर, सवाई माधोपुर में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आमजन तक पहुंचे।
बैठक में उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक श्री रामकेश मीना उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र गंगापुर सिटी से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
विधायक मीना ने संबंधित अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गंगापुर सिटी क्षेत्र में पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। चम्बल परियोजना अधूरी पड़ी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा। साथ ही, अनियमित आपूर्ति के कारण दूषित एवं बदबूदार पानी नलों में आ रहा है, जिस पर प्रशासन का पर्याप्त ध्यान नहीं है। विधायक ने कहा कि हमारी सरकार में इस चम्बल-नादौती परियोजना के लिए 15 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये थे जिसमें इस योजना का करीब 60-70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका था लेकिन सरकार बदलने के बाद से ही इस योजना को अधर में लटका रखा है, इन्टेकवैल का कार्य अधूरा है, कई जगहों पर मुख्य पाईपलाईन बिछाने के बाद भी वितरण लाईन अधूरी पड़ी है। ओवरहैड भी अधूरे पड़े हैं। ठेकेदारों की लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की ढीली कार्यप्रणाली के कारण परियोजना समय पर पूर्ण नही हो पा रही है। परियोजना की समयबद्ध मॉनिटरिंग की जाये और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। यह केवल एक परियोजना नही बल्कि लाखों लोगों के जीवन से जुड़ा विषय है इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये।
उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं है। जो ट्रांसफार्मर खराब हैं उन्हें समय पर बदला नही जा रहा है, जिससे बिजली संकट उत्पन्न हो रहा है। अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार कर मनमानी जगह पर ट्रांसफार्मर लगाये जा रहे हैं।
शहर में सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण के साथ ही वे उखड़ रही हैं, जो गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाता है और अधिकारियों की मिलीभगत को दर्शाता है।
शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियां हो रही हैं, अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई घटकर मात्र 4-5 फीट रह गई है, बाजारों में दुपहिया वाहनों के कारण जाम की स्थिति हो रही है। पूर्व में एडीएम गंगापुर सिटी द्वारा जो अभियान चलाया गया, उसको न जाने किन कारणों से बीच में रोक दिया गया।
सफाई व्यवस्था पर भी उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगरपरिषद द्वारा सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह गंदगी के ढेर, कचरे से भरी नालियां एवं सड़कों पर फैला कूड़ा बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है।
उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई केन्द्र निजी भवनों में संचालित हो रहे हैं तथा अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा, जिससे बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त, कई सरकारी विद्यालयों के भवन जर्जर एवं असुरक्षित अवस्था में हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने ऐसे भवनों को कंडम घोषित कर नए भवनों के निर्माण हेतु पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की।
गंगापुर-करौली मार्ग पर सालौदा आरओबी के निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात भी वाहन चालकों को लगभग 6 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय एवं धन की हानि हो रही है।
उन्होंने शहर में स्थित रोडवेज बस स्टैंड, जो वर्तमान में किराये की भूमि पर संचालित है, के लिए स्थायी भूमि आवंटन कर शीघ्र नए बस स्टैंड के निर्माण की मांग की।
किसानों के मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने कहा कि नामांतरण के मामलों को अनावश्यक रूप से निरस्त किया जा रहा है। भू-माफियाओं द्वारा शमशान और कब्रिस्तान के रास्तों को भी अवरूद्ध कर दिया गया है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जिला कार्यालयों के लिए जो भूमि आवंटित की गई थी उसको भी खुर्द-बुर्द किया जा रहा है जिसमें भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
इसके पश्चात विधायक मीना ने जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर गंगापुर क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की मांग की जिस कारण आज के युवा नशे के कारण अपराध की दुनिया में जा रहे हैं। लूटपाट-छीना छपटी आदि आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। शहर में देर रात शराब के ठेके खुले रहते हैं जिन पर अवैध रूप से शराब बेची जाती है जिससे असामाजिक तत्व देर रात तक नशे की हालत में दहशत फैलाते हैं, क्षेत्र की आम जनता काफी परेशान एवं भयभीत है।
इसके अतिरिक्त शहर में बढते यातायात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों उदेई मोड़, फव्वारा चौक, कचहरी रोड, स्टेशन रोड एवं सालौदा मोड़ पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। पर्याप्त यातायात कर्मियों के अभाव में आमजन, छात्र-छात्राएं एवं मरीजों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इसी के साथ तलावड़ा व वजीरपुर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति है। विधायक ने पुलिस अधीक्षक से गंगापुर सिटी, वजीरपुर व तलावड़ा में अतिरिक्त यातायात कर्मी लगाने की मांग की साथ ही क्षेत्र के पुलिस थानों में कई सालों से जमें हुए पुलिसकर्मियों को लेकर भी गहन वार्ता की।
विधायक ने कहा कि उपखण्ड स्तर पर भी जिस तरह से आमजन की कोई सुनवाई नही हो रही है उसी प्रकार जिला स्तर पर भी वही हाल हैं। आमजन को इस टेबल से उस टेबल, इस ऑफिस से उस ऑफिस टरकाया जा रहा है। अधिकारियों/कर्मचारियों का जनता पर कोई ध्यान नही है। राज्य सरकार ने तीन साल में कोई जनहित का कार्य नही किया, पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। सरकार का अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नही है। जिला स्तर से लेकर तहसील उपखण्ड स्तर तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जनता के कार्य रूके पड़े हैं, पंचायती राज के चुनाव ये सरकार नही करवा पा रही है।
इन सभी मुद्दों पर विधायक मीना ने जिला कलेक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक से गहनता से विचार-विमर्श कर व्यवस्थाओं में सुधार कर आमजन को राहते पहुंचानें की मांग की। इस दौरान बैठक में सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now