डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने गढ़ी सुमेल में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया


डॉ. अंबेडकर एक विचारधारा है – उप मुख्यमंत्री

बामनवास, गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने गुरुवार को जिले के बामनवास क्षेत्र के ग्राम गढ़ी सुमेल की बैरवा ढाणी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने आम लोगों से डॉ. अम्बेडकर के विचारों के अनुरूप समाज और देश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उप मुख्यमंत्री ने जिले के ग्राम कोयला स्थित बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए उन्हें अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलवाएं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिला शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। एक शिक्षित महिला न केवल स्वयं सशक्त बनती है, बल्कि अपने परिवार और बच्चों को भी अच्छे संस्कार देकर समाज को दिशा देती है।

डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि “अंबेडकर केवल एक प्रतिमा या नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं।” उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने सभी से अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री के क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इन कार्यक्रमों में विधायक इंदिरा मीणा, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, पूर्व सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री का माला, साफा पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now