गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर मानवता की मिसाल: भीषण गर्मी में ‘दिगंबर जैन सोशल ग्रुप’ की निःशुल्क शीतल जल सेवा


“ठंडा पानी-फ्री सेवा” की गूंज से यात्रियों को मिल रही राहत, देर रात तक फरिश्ते बनकर ट्रेनों में पानी पहुंचा रहे कार्यकर्ता

गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। राजस्थान में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को झकझोर कर रख दिया है। पारा 45 डिग्री के पार पहुँचने के साथ ही रेल यात्रियों के लिए सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं रहा। ऐसे कठिन समय में गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के कार्यकर्ता एक बड़ी उम्मीद और राहत बनकर उभरे हैं। संगठन द्वारा संचालित निःशुल्क शीतल जल सेवा पिछले कई दिनों से यात्रियों के लिए वरदान साबित हो रही है।

देर रात तक चलता है सेवा का कारवां स्टेशन पर शाम ढलते ही जब सोगरिया एक्सप्रेस का आगमन होता है, तब से लेकर देर रात तक सेवा का यह सिलसिला अनवरत चलता है। कोटा-मथुरा पैसेंजर, नंदा देवी एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस और पटना एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही सफेद वस्त्रों में लिपटे ये ‘जलदूत’ सक्रिय हो जाते हैं। दर्जनों की संख्या में पुरुष और महिला कार्यकर्ता हाथों में शीतल जल के कैंपर और बोतलें लेकर बोगियों तक दौड़ लगाते हैं।

मनुहार के साथ पिलाया जा रहा पानी सिर्फ पानी पिलाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं का सेवा भाव यात्रियों का दिल जीत रहा है। प्लेटफॉर्म पर जब “ठंडा पानी, फ्री सेवा” की आवाज गूंजती है, तो खिड़कियों से हाथ बाहर निकल आते हैं। कार्यकर्ता विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार यात्रियों के पास जाकर बड़े ही अपनत्व और मनुहार के साथ उन्हें जल ग्रहण करवाते हैं। कई यात्रियों ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों में अक्सर पानी खत्म हो जाता है, ऐसे में यह निःशुल्क और शीतल जल किसी अमृत से कम नहीं लगता।

मजबूत टीम वर्क और व्यवस्था ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन और सचिव महेश जैन ने बताया कि सेवा को निर्बाध रखने के लिए एक सुव्यवस्थित ढांचा तैयार किया गया है। जल सेवा संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या के साथ सह-संयोजक योगेंद्र जैन और दीपक गोयल पूरी व्यवस्था की निगरानी करते हैं। पानी की शुद्धता और शीतलता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन भारी मात्रा में बर्फ का उपयोग किया जाता है ताकि भीषण उमस में भी यात्रियों को ‘चिल्ड’ वाटर मिल सके।

बढ़ता कारवां और सामाजिक प्रेरणा जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, सेवादारों का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की तृप्ति देख अब शहर के अन्य लोग भी इस पुण्य कार्य में हाथ बंटाने के लिए आगे आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की यह पहल न केवल शहर का गौरव बढ़ा रही है, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे रही है कि सेवा ही परमो धर्म है।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now