भीलवाड़ा: नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, ठाकुर जी को लगा छप्पन भोग

पुरुषोत्तम मास की अमावस्या पर दुग्धाभिषेक और महाआरती, कल निभाई जाएगी सदियों पुरानी ‘प्रसाद लूट’ की परंपरा

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जन-जन की अगाध आस्था के प्रमुख केंद्र श्री सांवरिया सेठ मंदिर, नौगांवा में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) की अमावस्या पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर भगवान ठाकुरजी का अलौकिक दुग्धाभिषेक कर महाआरती की गई और भव्य छप्पन भोग धराया गया। सांवरिया सरकार के इस अलौकिक रूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

पैदल पहुंचे ध्वजधारी, जयकारों से गूंजा मार्ग

अमावस्या के विशेष पर्व पर अलसुबह से ही सांवरिया सेठ के दरबार के लिए भक्तों का तांता लग गया। गुरला, गाडरमाला, नौगांवा, पुर और बापू नगर सहित आस-पास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में पंचरंगी ध्वज थामे पैदल यात्रा के रूप में मंदिर पहुँचे। रिमझिम फुहारों और ठंडी हवाओं के बीच ठाकुरजी के भजनों और “हाती घोड़ा पाल की, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दुग्धाभिषेक और श्रृंगार

प्रातः काल पंडितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान सांवरिया सेठ का दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अलौकिक दुग्धाभिषेक किया गया। सुबह के मुख्य यजमान शास्त्रीनगर निवासी अशोक कुमार, गिरिराज काबरा, कृष्णगोपाल, रौनक और शिवम राठी रहे।

इसके पश्चात ठाकुर जी का स्वर्णिम और रेशमी वस्त्रों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। सुबह 11 बजे लोकेश नागर (आजादनगर) की ओर से भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों, मिठाइयों, चाट-पकौड़ी और ऋतुफलों का भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। भक्तों ने सांवरिया सेठ के दर्शन किए और छप्पन भोग की प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।

कल होगा अन्नकूट महोत्सव और ‘प्रसाद लूट’

मंदिर ट्रस्ट के श्रवण सेन, गिरिराज काबरा, कैलाश डाड और चंद्रप्रकाश आगाल ने बताया कि सदियों पुरानी नाथद्वारा परंपरा का निर्वहन करते हुए 17 मई को दोपहर 12:15 बजे राजभोग के पश्चात भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा। इसके तुरंत बाद ग्वालों द्वारा प्रसिद्ध ‘प्रसाद लूटने’ की रस्म अदा की जाएगी।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर में भक्तों के लिए माकूल व्यवस्थाएं की गई हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर भगवान सांवरिया सेठ का आशीर्वाद प्राप्त करने की विनम्र अपील की है।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now