गंगापुर सिटी को 9.75 करोड़ की सौगात, 14 सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी


भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के प्रयासों से 14 सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर सड़क संपर्क।

गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र को आधारभूत विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राजस्थान सरकार ने करीब 9 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 14 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण को मंजूरी प्रदान की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से जारी इस स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बताया गया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी द्वारा जारी इस स्वीकृति के पीछे भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के प्रयास और अभिशंसा महत्वपूर्ण रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर सड़क संपर्क

भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादों का परिवहन सुगम होगा तथा विद्यार्थियों, मरीजों और आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिन सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही थी, उन्हें सरकार ने स्वीकृति देकर क्षेत्र के विकास को नई गति दी है। बरसात के दिनों में लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

इन प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

स्वीकृत कार्यों में गंगापुर-गावड़ी-शफीपुरा सड़क (एमडीआर-248) से अहमदपुर तक मिसिंग लिंक सड़क के लिए 85 लाख रुपये, एसएच-1ए जीवद नदी (नन्दे का मंदिर) से कड़ी गावड़ी सड़क तक मिसिंग लिंक के लिए 1.30 करोड़ रुपये, तथा हिगोटिया-अरनिया से एनएच-11बी तक संपर्क मार्ग के लिए 95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसी प्रकार एनएच-23 से आस्ट्रोली-जलोखरा सड़क के लिए 75 लाख रुपये, बाढ़खुर्द से ब्रह्मवाद-जलोखरा होते हुए पाटी ढाणी तक सड़क के लिए 90 लाख रुपये, अमरगढ़ से हरचंदा की ढाणी तक सड़क निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा छकड़ा से बैरवापुरा संपर्क मार्ग पर 70 लाख रुपये, मच्छीपुरा से कुनकटा रोड, कोठी बाढ़ एवं किशन की झोपड़ी तक सड़क के लिए 1.15 करोड़ रुपये, खेडली बैरवा बस्ती संपर्क सड़क के लिए 35 लाख रुपये, एनएच-11बी से बानबड़ौदा-नौगांव होते हुए एसएच-1ए तक सड़क निर्माण के लिए 55 लाख रुपये, अरनिया से माली ढाणी तक 95 लाख रुपये, कड़ी पट्टी से जैतपुर तक 20 लाख रुपये, श्यारौली से उदेई रेलवे स्टेशन तक 20 लाख रुपये तथा कटी पट्टी संपर्क सड़क के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

मानसिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सड़क परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और निर्धारित समय सीमा में पूरा कर आमजन को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, स्थानीय व्यापार एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई मजबूती प्राप्त होगी।

अंत में उन्होंने गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *