30 सितम्बर तक जमा होंगी प्रविष्टियां, शिक्षा, खेल, कला और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल प्रतिभाओं का होगा सम्मान
गंगापुर सिटी। विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-डी, गंगापुर सिटी के तत्वावधान में जिला स्तरीय ‘ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से विजय पैलेस, ओसवाल चुंगी नाका में किया जाएगा। समारोह में शिक्षा, खेल, कला, प्रशासन, तकनीकी क्षेत्र एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाली समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास
विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-डी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि संगठन सदैव समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को परिश्रम, लगन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास है।
इन मापदंडों के आधार पर होगा सम्मान
सम्मान हेतु प्रविष्टियां 1 सितम्बर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के मध्य हासिल की गई उपलब्धियों के आधार पर स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले पात्र अभ्यर्थी अपनी प्रविष्टियां निर्धारित स्थानों पर जमा करा सकते हैं।
शैक्षणिक उपलब्धियां: कक्षा 8वीं में A ग्रेड, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में न्यूनतम 80 प्रतिशत, स्नातक, स्नातकोत्तर, STC, B.Ed., B.P.Ed., MBA और MCA में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले तथा Ph.D. धारक प्रतिभाओं को सम्मान के लिए पात्र माना गया है।
प्रतियोगी परीक्षाएं एवं चयन: NEET-UG, IIT-JEE, IAS, RAS, RJS, CA, बैंक PO, SSC, RPSC, CAT, MAT सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों के साथ NCC-C सर्टिफिकेट और NDA में चयनित अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
अन्य उपलब्धियां: राज्य, संभागीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खेलों के विजेता और उपविजेता, राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड, प्रशासनिक स्तर पर सम्मानित प्रतिभाओं तथा इस अवधि में सेवानिवृत्त हुए राजकीय कर्मचारियों को भी सम्मान के लिए शामिल किया गया है।
30 सितम्बर तक जमा करा सकते हैं प्रविष्टियां
पात्र अभ्यर्थी अपनी उपलब्धियों एवं प्रमाण-पत्रों की फोटोप्रति 30 सितम्बर 2026 तक निर्धारित केंद्रों पर जमा करा सकते हैं। प्रविष्टियां डी.एस. पब्लिक स्कूल, कुहू इंटरनेशनल स्कूल, खादी भण्डार, केशव विद्या मंदिर, शर्मा चिकित्सालय, ब्राह्मण समाज धर्मशाला (महूकलां), सिद्धि विनायक कम्प्यूटर, तिवाड़ी गैस एजेंसी एवं वेदान्त क्लासेज पर जमा कराई जा सकती हैं।
इसके अलावा अभ्यर्थी अपने प्रमाण-पत्रों की फोटोप्रति मोबाइल नंबर सहित व्हाट्सऐप नंबर 8385005280 पर भी भेज सकते हैं।
अधिकाधिक प्रविष्टियां भेजने की अपील
विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष दिलीप तिवाड़ी एवं युवा जिलाध्यक्ष धनेश शर्मा ने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में पात्र प्रतिभाओं की प्रविष्टियां भेजने की अपील की है। उन्होंने समाजबंधुओं से 4 अक्टूबर को आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का भी आग्रह किया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।