देशभर के संतों और गोसेवकों ने तीसरे चरण की रूपरेखा तय की, जयपुर में विशाल हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापन सौंपने का निर्णय।
गंगापुर सिटी। गौ माता सम्मान आह्वान अभियान की केंद्रीय समीक्षा बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक में देशभर से आए संतों एवं गोसेवकों ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में अभियान के तीसरे चरण की तिथि 17 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई।
गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रचारक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि केंद्रीय समीक्षा बैठक में गंगापुर सिटी से भी गोसेवकों ने भाग लिया। बैठक में अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण की समीक्षा करते हुए तीसरे चरण को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्णय लिया गया।
17 दिसंबर को होगा अभियान का तीसरा चरण
बैठक में संत समाज एवं देशभर से आए गोसेवकों ने निर्णय लिया कि 17 दिसंबर 2026 को गौ माता सम्मान आह्वान अभियान का तीसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इस चरण के तहत अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जयपुर में सौंपा जाएगा विशाल ज्ञापन
गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि तीसरे चरण के अंतर्गत प्रदेशभर से बड़ी संख्या में हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे। इसके बाद राजस्थान की राजधानी जयपुर में विशाल संख्या में हस्ताक्षरों के साथ राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ माता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के प्रति समाज में व्यापक जनजागरण करना तथा जनसमर्थन के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है।
देशभर के गोसेवकों से सहभागिता का आह्वान
बैठक में उपस्थित संतों एवं गोसेवकों ने सभी जिलों के कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से हस्ताक्षर अभियान में जुड़ने तथा गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।
बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
यह भी पढ़ें:

Sawai Madhopur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।