हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर पेड़ गिरा, आयुक्त दीपक रावत ने तुरंत खुलवाया रास्ता


बारिश के बीच स्वयं मौके पर डटे रहे आयुक्त, आपदा प्रबंधन और पुलिस टीम ने 15 मिनट में हटाया पेड़।

नैनीताल। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण हल्द्वानी-बलदियाखान मुख्य मार्ग पर एक विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। संयोगवश उसी समय कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत इसी मार्ग से गुजर रहे थे। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं जिला प्रशासन को सूचना देकर राहत कार्य शुरू कराया।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम लगभग 15 मिनट के भीतर आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई और पेड़ को काटकर मार्ग से हटाने का कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान आयुक्त दीपक रावत स्वयं बारिश में छाता लेकर मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। उन्होंने मार्ग पूरी तरह सुचारू होने तक घटनास्थल नहीं छोड़ा।

यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील

राहत कार्य के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर मौजूद यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जल्द ही मार्ग को सुरक्षित तरीके से खोल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जल्दबाजी करना दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।

जबरन निकल रहे दोपहिया चालकों को रोका

राहत कार्य के दौरान कुछ दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए ऐसा न करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने के बजाय प्रशासन द्वारा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने का इंतजार करना चाहिए। उनकी सतर्कता के चलते इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।

समय पर पहुंची टीम की सराहना

मार्ग बहाल होने के बाद आयुक्त दीपक रावत ने पुलिस, आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई कर मार्ग को शीघ्र सुचारू कराया।

गौरतलब है कि हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में समय रहते पेड़ हटाए जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *