इंटेक भीलवाड़ा का पॉलिथीन हटाओ अभियान सम्पन्न, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


विश्व प्लास्टिक मुक्ति दिवस पर इंटेक चैप्टर भीलवाड़ा ने विद्यार्थियों को कपड़े के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। विश्व प्लास्टिक मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटेक) चैप्टर, भीलवाड़ा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ” जनजागरूकता अभियान का समापन स्मृति वन में किया गया। अभियान के समापन अवसर पर डीपीएस विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण, प्रकृति और विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।

 विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

इंटेक कन्वीनर बाबूलाल जाजू ने विद्यार्थियों को स्मृति वन में लगाए गए विभिन्न पौधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी को अपनी दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा दैनिक जीवन में कपड़े के थैलों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने “पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ” तथा “पॉलिथीन हटाओ, प्रकृति और विरासत बचाओ” के नारे भी लगवाए।

 पॉलिथीन से पर्यावरण और जीव-जंतुओं को हो रहा नुकसान

बाबूलाल जाजू ने कहा कि पॉलिथीन के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण, झीलों और जलाशयों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के जीवन पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका नियमित संरक्षण करने तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों ने भी लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की उप-प्रधानाचार्य शिखा तोषनीवाल, शिक्षिका ऋतु दाधीच, मानसी शर्मा, पूनम मूंदड़ा, रिद्धि जैन सहित अनेक शिक्षिकाओं ने पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

तीन दिवसीय इस जनजागरूकता अभियान के माध्यम से इंटेक चैप्टर, भीलवाड़ा ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और विरासत संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *