दीवार निर्माण विवाद में पहले दो आरोपियों की हो चुकी थी गिरफ्तारी, अब तीसरे आरोपी को पुलिस ने दबोचा।
नदबई। कुंडा पोखर मारपीट मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। हलैना रोड स्थित कच्चा कुंडा (कुंडा पोखर) पर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य के दौरान हुई मारपीट की घटना की जांच के क्रम में पुलिस ने नदबई निवासी शशिकांत (50) पुत्र तुलाराम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शशिकांत की भूमिका सामने आई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहले भी दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
गौरतलब है कि इस प्रकरण में पुलिस इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों से पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
दीवार निर्माण को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार 19 जुलाई को नगर पालिका द्वारा कच्चा कुंडा क्षेत्र में कराए जा रहे सौंदर्यकरण कार्य के दौरान निर्माणाधीन दीवार को लेकर ठेकेदार पक्ष और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने निर्माणाधीन दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
विरोध करने पर ठेकेदार नकुलराज तथा उसके साथियों उमेश और आकाश के साथ लाठी, सरिया और फावड़ों से मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।