लोकसभा चुनाव 2024: सात चरणों में होगा मतदान, जानिए किस राज्य में कब-कब होंगे चुनाव, कब आएंगे नतीजे.?

लोकसभा चुनाव 2024:

केंद्रीय चुनाव आयोग के एलान के साथ ही 18वीं लोकसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून, 2024 को पूरा हो रहा है।

चुनाव सात चरणों में होंगे और सभी सीटों के लिए मतों की गिनती 4 जून को होगी।

पहला चरण (21 राज्यों की 102 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 20 मार्च को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 19 अप्रैल को मतदान होगा।
  • अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार, जम्मू कश्मीर, लक्षद्वीप, पुद्दुचेरी की कुल 102 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

दूसरा चरण (13 राज्यों की 89 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 28 मार्च को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 26 अप्रैल को मतदान होगा।
  • असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 89 सीटों पर मतदान होगा.

तीसरा चरण (12 राज्यों की 94 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 12 अप्रैल को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 07 मई को मतदान होगा।
  • असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादर नागर हवेली और दमन दीव की कुल 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चौथा चरण (10 राज्यों की 96 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 18 अप्रैल को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 13 मई को मतदान होगा।
  • आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 96 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पांचवा चरण (8 राज्यों की 49 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 26 अप्रैल को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 20 मई को मतदान होगा।
  • छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रेदश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, लद्दाख की 49 सीटों पर मतदान होगा।

छठा चरण (7 राज्यों की 57 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 29 अप्रैल गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 25 मई को मतदान होगा।
  • बिहार, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की कुल 57 सीटों पर मतदान होगा।

सातवां चरण (8 राज्यों की 57 सीटों के लिए चुनाव होगा)

  • 07 मई को गज़ेट नोटिफिकेशन जारी होगा।
  • 01 जून को मतदान होगा।
  • बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ की कुल 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे

संसदीय चुनावों के साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

ओडिशा में चार चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे. यहां 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को वोट डाले जाएंगे।

अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 20 मार्च 2024 को जारी होगी और मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा. राज्य की 60 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे।

सिक्किम विधानसभा के लिए भी एक ही चरण में सभी 32 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नोटिफिकेशन की तारीख 20 मार्च और वोटिंग 19 अप्रैल को होगी।

आंध्र प्रदेश की सभी 175 सीटों पर चुनाव के लिए 18 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी होगा और 13 मई को वोट डाले जाएंगे।

इसके अलावा, अलग-अलग राज्यों की 26 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव भी होंगे. ये चुनाव भी आम चुनावों के साथ होंगे।

तीन राज्यों में सात चरणों में चुनाव

सिर्फ़ तीन ऐसे राज्य हैं, जहां सात चरणों में चुनाव होने हैं। ये राज्य हैं- उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल।

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं, बिहार में 40 और पश्चिम बंगाल में 42 सीटें हैं।

वोटरों की संख्या

  • कुल 96.8 करोड़ पंजीकृत वोटर।
  • इनमें 47.1 करोड़ महिलाएं और 49.7 करोड़ पुरुष वोटर हैं।
  • इनमें 1.89 करोड़ पहली बार वोटर्स हैं और 19.74 करोड़ युवा वोटर्स, जिनकी उम्र 20 से 29 साल की है।
  • इसके अलावा 01 जनवरी 2024 को जिनकी उम्र 18 साल नहीं हुई थी, उनका भी नाम जोड़ा गया है। इसमें 13.4 लाख ऐसे आवेदन है, जो 1 अप्रैल 2024 तक 18 साल के हो जाएंगे और वोट दे सकेंगे।
  • इसमें 88.4 लाख दिव्यांग, 82 लाख 85 साल से अधिक की उम्र के और 48 हज़ार ट्रांसजेंटर शामिल हैं।

85 साल से अधिक की उम्र के लोगों के लिए घर से वोट करने की सुविधा की गई है. इसके लिए मतदान कर्मी उनके घर पर जाकर उनका वोट रिकॉर्ड करेंगे।

मुख्य लड़ाई एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच

सीटों के लिहाज से उत्तर प्रदेश में सबसे ज़्यादा 80 सीटें हैं, जबकि महाराष्ट्र में 48, पश्चिम बंगाल में 42, बिहार में 40 और तमिलनाडु में 39 सीटें हैं।

इस चुनाव में छह राष्ट्रीय पार्टियाँ- भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, सीपीएम, बहुजन समाज पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी (उत्तर पूर्व में पीए संगमा की बनाई पार्टी, जो राष्ट्रीय पार्टी का स्टेटस हासिल करने वाली उत्तर पूर्व की पहली पार्टी है) और आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में हैं।

लेकिन यह चुनाव मुख्य तौर पर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ ब्लॉक गठबंधन के बीच है।

एनडीए गठबंधन नरेंद्र मोदी के चेहरे के साथ तीसरी बार चुनाव मैदान में होगी, जबकि इंडिया ब्लॉक की ओर से किसी चेहरे पर अब तक सहमति नहीं बनी है।

राष्ट्रीय पार्टियों में बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर सभी दल किसी ना किसी गठबंधन का हिस्सा हैं।

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए में पीए संगमा की नेशनल पीपल्स पार्टी, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड, चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, अजित पवार की एनसीपी, जयंत चौधरी के राष्ट्रीय लोकदल और एचडी देवगौड़ा के जनता दल (एस) सहित कई छोटे बड़े दल शामिल हैं।

जबकि इंडिया ब्लॉक में कांग्रेस के अलावा वामपंथी दल, लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल, अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी, स्टालिन की डीएमके, हेमंत सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा, उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना, शरद पवार गुट की एनसीपी और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी सहित क़रीब दो दर्जन पार्टियां शामिल हैं।

हालाँकि, स्पष्ट तौर पर अब तक ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस, मायावती की बहुजन समाज पार्टी और नवीन पटनायक की बीजू जनता दल के किसी गठबंधन में शामिल होने की घोषणा नहीं हुई है।

Support us By Sharing
error: Content is protected !!