फांसी पर लटका मिला शव; भाई ने लगाया 5 लाख रुपये और गहने मांगने का आरोप
नदबई। नदबई थाना क्षेत्र के गांव बरौलीछार में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात महिला का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।
शादी के दो साल बाद ही उजड़ा सुहाग जानकारी के अनुसार, गांव ऐचेंरा निवासी चन्द्रवती की शादी 3 मार्च 2022 को बरौलीछार निवासी तेजपाल जाटव के साथ हुई थी। मृतका के भाई नीतेश जाटव ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शादी के बाद से ही पति तेजपाल, ससुर बौला उर्फ मुकेश, सास सरोज देवी और अन्य रिश्तेदार दहेज में 5 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर चन्द्रवती के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।
हत्या कर शव लटकाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ससुरालियों ने मिलकर चन्द्रवती की गला दबाकर हत्या कर दी और मामले को सुसाइड का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस एम.एन. भरत और एफएसएल (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति तेजपाल, ससुर बौला, सास सरोज, वीरेन्द्र, राखी, शीला, करन और बनय सिंह सहित कुल 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। बुधवार को जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
यह भी पढ़ें:
Bharatpur, Rajasthan