नदबई विधायक जगत सिंह ने जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण, विकास कार्यों को दिए निर्देश


आधा दर्जन गांवों के दौरे में जलभराव, स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

नदबई। नदबई विधायक जगत सिंह ने बुधवार को क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों का दौरा कर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, लेकिन गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही आमजन की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

भदीरा पीएचसी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा

विधायक ने सबसे पहले भदीरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चिकित्सा अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही घर-घर सर्वे अभियान चलाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में नियमित एंटी-लार्वा छिड़काव कराने को कहा, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

जलभराव पर जताई नाराजगी

गांव घेरा में विद्यालय के समीप सड़क पर जलभराव और गंदे पानी के बीच विद्यार्थियों के आवागमन पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके बाद गांव करीली में जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा की। पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए विधायक ने विधायक कोष से पोखर की खुदाई एवं चारदीवारी निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर

विधायक ने लालपुर में विधायक कोष से निर्माणाधीन सीसी सड़क, जिला चिकित्सालय के नवीन भवन तथा कुंडा पोखर खुदाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद विधायक ने लालपुर में लगभग 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया।

नगर पालिका को दिए सफाई के निर्देश

दौरे के दौरान विधायक ने नदबई कस्बे के वार्ड संख्या 24 स्थित पोखर का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से समस्याएं सुनीं। लोगों की शिकायत पर उन्होंने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को पोखर के आसपास जमा कूड़ा तत्काल हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सौमाया सिंह, निजी सचिव सत्येंद्र सिंह गुड्डू, एसडीएम सचिन यादव, तहसीलदार तरुण कुमार, विकास अधिकारी सौदान सिंह, बीसीएमओ डॉ. राहुल कौशिक, सहायक अभियंता धीरज सिंह, समय सिंह सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *