नदबई में एसीबी का बड़ा एक्शन, डॉक्टर और दलाल 35 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


मारपीट मामले में हैवी एमएलसी के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, दलाल की जेब से 35 हजार रुपए बरामद, डॉक्टर सरकारी आवास से डिटेन

नदबई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धौलपुर चौकी ने गुरुवार को नदबई में ट्रेप कार्रवाई करते हुए राजकीय चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा और उनके लिए रिश्वत राशि लेने वाले निजी व्यक्ति त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को कार्रवाई के दायरे में लिया। एसीबी ने त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रिश्वत की राशि उसकी पेंट की जेब से बरामद की गई। वहीं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया गया।

मारपीट के मामले में मेडिकल रिपोर्ट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप

धौलपुर एसीबी के सीओ प्रेमचन्द मीणा के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने नदबई थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में उसके परिजनों को आई चोटों का मेडिकल मुआयना राजकीय चिकित्सालय नदबई में कराया जाना था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि मेडिकल रिपोर्ट में हैवी एमएलसी बनाने की एवज में राजकीय चिकित्सालय नदबई के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा द्वारा अपने दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू के माध्यम से 35 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।

गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि

शिकायत मिलने के बाद एसीबी धौलपुर की टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। एसीबी के अनुसार सत्यापन के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा द्वारा अपने लिए त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू के माध्यम से परिवादी से 35 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी ने मामले में ट्रेप कार्रवाई की योजना तैयार की।

दलाल ने जैसे ही ली रिश्वत, एसीबी ने दबोचा

एसीबी भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी धौलपुर के पुलिस उप अधीक्षक प्रेमचन्द मीणा के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू, निवासी/निजी व्यक्ति, को डॉ. शशिकान्त शर्मा के लिए 35 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि आरोपी की पहनी हुई पेंट की जेब से बरामद की।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को सरकारी आवास से किया डिटेन

ट्रेप कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।

एसीबी के अनुसार रिश्वत की राशि वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के लिए दलाल द्वारा प्राप्त की जा रही थी। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *