एमएसएमई विकास कार्यालय की कार्यशाला में व्यापारियों को ब्रांडिंग, डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
नदबई। नगर पालिका सभागार, नदबई में एमएसएमई विकास कार्यालय के तत्वावधान में गुरुवार को ब्रांडिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग विषयक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों एवं स्थानीय व्यापारियों को ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्देश्य छोटे व्यापारियों एवं कारीगरों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके उत्पादों की बाजार में बेहतर पहचान स्थापित करना रहा।
विश्वकर्मा योजना से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
एमएसएमई विकास कार्यालय के सहायक निदेशक मोहित कुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने लाभार्थियों से उद्यम विभाग की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने, सोशल मीडिया के माध्यम से ब्रांडिंग करने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपने व्यवसाय का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया।
डिजिटल भुगतान और वित्तीय साक्षरता पर दिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में प्रतिभागियों को डिजिटल भुगतान, क्यूआर कोड का उपयोग, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाएं, ऋण योजनाएं, ब्रांडिंग तथा डिजिटल मार्केटिंग के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीक अपनाकर छोटे व्यापारी अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यशाला में जिला उद्योग एवं वाणिज्य सहायक आयुक्त सचिन पोसवाल, शिशिर कुमार त्रिवेदी, अंकुर शर्मा, शैजल कुरैशी तथा सुरेन्द्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।