नदबई में बारिश के बीच मकान की छत गिरी, बालिका घायल, बड़ा हादसा टला


तेज बारिश और बिजली की गर्जना के बीच कमरे की पट्टियां भरभराकर गिरीं, घरेलू सामान क्षतिग्रस्त, प्रशासन ने लिया जायजा।

नदबई। लगातार हो रही बारिश और बिजली की तेज गर्जना के बीच गुरुवार तड़के नदबई के बछामदी वार्ड नंबर-2 स्थित तेली-धोबी मोहल्ले में एक मकान के कमरे की छत की पट्टियां अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे में एक बालिका घायल हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य समय रहते बाहर निकल जाने से सुरक्षित बच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिवार के मुखिया रहीश खान ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पत्नी और दोनों बेटियों अल्फिया तथा जिया के साथ कमरे में सो रहे थे। कमरे में घरेलू सामान भी रखा हुआ था। सुबह करीब 4:30 बजे तेज बारिश और बिजली की गर्जना के कारण परिवार कमरे से बाहर निकलने लगा। इसी दौरान अचानक कमरे की छत की पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं।

बालिका घायल, घरेलू सामान हुआ नष्ट

हादसे में बड़ी बेटी अल्फिया के पैर में चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार दिलाया गया। वहीं मकान में रखी अलमारी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, रसोई के बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं नायब तहसीलदार तरुण कुमार तथा पटवारी सतीश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और आवश्यक जानकारी जुटाई।

समय रहते बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि परिवार समय रहते कमरे से बाहर नहीं निकलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता और क्षतिग्रस्त मकान के संबंध में आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *