राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन, तीन वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने की उठाई मांग।
गंगापुर सिटी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय, गंगापुर सिटी के मुख्य द्वार पर छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनावों को तत्काल बहाल करने की मांग उठाई तथा कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
तीन वर्षों से चुनाव बहाल करने की मांग जारी
एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मनोज सैनी ने कहा कि परिषद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से लेकर वर्तमान सरकार तक लगातार छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का नेतृत्व कर रहे कई जनप्रतिनिधि भी किसी न किसी छात्र संगठन से जुड़कर राजनीति में आगे बढ़े हैं। ऐसे में छात्रसंघ चुनाव बंद रहना विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करता है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने निजी राजनीतिक हितों के चलते छात्रसंघ चुनाव बंद कर विद्यार्थियों के नेतृत्व विकास को बाधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने इसका जवाब चुनावों में दिया था।
उन्होंने वर्तमान सरकार से मांग की कि छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द घोषित किए जाएं।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
एबीवीपी के जिला संयोजक अभिषेक सोनवाल ने कहा कि परिषद पूर्व में भी छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लेकर कई आंदोलन कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते चुनाव बहाल नहीं किए तो पूरे प्रदेश में व्यापक छात्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विद्यार्थियों की मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
कई कार्यकर्ता रहे उपस्थित
प्रदर्शन में पूर्व नगर मंत्री गौरव शर्मा, नगर मंत्री तरुण मीणा, आकाश सैनी, कौशल शर्मा, नवीन, जिला छात्रा प्रमुख पायल प्रजापत, भाग संयोजक गौरव शाक्यबाल, बादल कुमावत, केशव मल्होत्रा, विशाल महावर, कविता महावर, कुणाल सोनवाल सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।