कांग्रेस के विरोध और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद जागा प्रशासन; संवेदक को गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के सख्त निर्देश।
नदबई। नदबई में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और बाईपास के एप्रोच मार्ग पर रविवार से दोबारा डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। हाल ही में उद्घाटन से पहले ही सड़क के उखड़ने और उसमें गहरे गड्ढे होने का मामला सामने आया था, जिसके बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की कड़ी निगरानी में संबंधित संवेदक (ठेकेदार) द्वारा मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।
तकनीकी मानकों के तहत हो रहा है सुधार
रविवार सुबह से ही निर्माण स्थल पर भारी मशीनों और श्रमिकों की मदद से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया। मौके पर मौजूद PWD के कनिष्ठ अभियंता (JEN) लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि जिस एप्रोच हिस्से के पास सड़क में समस्या आई थी, वहां सभी तकनीकी कमियों को दूर कर लिया गया है। अब पूरी मजबूती और निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा डामरीकरण किया जा रहा है। विभाग ने संवेदक को दोटूक हिदायत दी है कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उद्घाटन से पहले उखड़ी सड़क, कांग्रेस ने लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
गौरतलब है कि करोड़ों की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के खुलने से पहले ही क्षतिग्रस्त होने पर स्थानीय राजनीति गरमा गई थी। सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था और निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। मामला तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी महकमा तुरंत सक्रिय हुआ, जिसके बाद यह पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
यह भी पढ़ें:
Bharatpur, Rajasthan