नारायणपुरा चरागाह भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


नारायणपुरा के ग्रामीणों ने चरागाह और बिलानाम भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी। नारायणपुरा चरागाह भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने शाहपुरा तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शाहपुरा पंचायत समिति की अरनिया घोड़ा ग्राम पंचायत के नारायणपुरा पटवार हलका क्षेत्र की करीब 25 बीघा चरागाह एवं बिलानाम भूमि पर निकटवर्ती मेवदा गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है तथा वहां अवैध रूप से तालाब का निर्माण कर उसे ठेके पर दे दिया है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग पर गिरदावरी में इसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का भी आरोप लगाया।

#### पांच घंटे इंतजार के बाद तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय के बाहर करीब पांच घंटे तक तहसीलदार के आने का इंतजार किया। देर शाम तहसीलदार भवंराज परिहार के कार्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि नारायणपुरा की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

#### इन खसरा नंबरों की भूमि पर कब्जे का लगाया आरोप

पूर्व पार्षद भगवान सिंह यादव, महेंद्र कुमावत, गजराज कुमावत, गणेश गाडरी, गोपाल, भागचंद कुमावत, शिवराज, भेरूलाल भील, नारायण कुमावत, नाना गाडरी, भेरू नाथ एवं खाना गाडरी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि नारायणपुरा की चरागाह भूमि के खसरा संख्या 411, 412, 413, 414, 415, 416, 420, 421, 422 एवं 423 तथा बिलानाम भूमि के खसरा संख्या 424, 425, 426, 427, 428 एवं 429 पर निकटवर्ती मेवदा के कुछ प्रभावशाली लोगों ने कथित रूप से अतिक्रमण कर लिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त भूमि पर अवैध तरीके से तालाब का निर्माण कर उसे किसी बाहरी व्यक्ति को ठेके पर दे दिया गया है।

#### पशुपालकों को हो रही परेशानी

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि चरागाह भूमि पर कथित कब्जे के कारण नारायणपुरा के ग्रामीणों के पशु चरागाह से वंचित हो रहे हैं। इसके चलते पशुपालकों को अपने पशुओं को चराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की कि चरागाह एवं बिलानाम भूमि का सीमाज्ञान कराया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और भूमि को पुनः नारायणपुरा के ग्रामीणों के पशुओं के चरने के लिए उपलब्ध कराया जाए।

#### तहसीलदार ने जांच का दिया आश्वासन

तहसीलदार भवंराज परिहार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरदावर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *